हिसार : विदेश में नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 08, 2026
अन्य युवाओं को सुरक्षित निकालने के प्रयास में पुलिस
हिसार, 08 मई (हि.स.)। साइबर क्राइम थाना प्रभारी सतेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस
टीम ने एक ऐसे शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो युवाओं को विदेश में अच्छी नौकरी
का झांसा देकर उन्हें म्यांमार (बर्मा) बॉर्डर पर ले जाकर बंधक बनाता था और उनसे जबरन
साइबर फ्रॉड जैसे अवैध कार्य करवाता था।
पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि इस संबंध में उकलाना मंडी निवासी अंकित व अन्य
ने कैथल निवासी अमरजीत उर्फ गैरी के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार आरोपी अमरजीत
उर्फ गैरी ने उन्हें थाईलेंड में फूड पैकिंग की नौकरी दिलाने का लालच दिया था। अंकित
को जनवरी 2025 में जॉर्जिया और फरवरी 2025 में थाईलेंड भेजा गया। थाईलेंड पहुंचने के
बाद, आरोपी और उसके गिरोह ने अंकित को अवैध तरीके से बॉर्डर पार कराकर म्यांमार के
7 स्टार नामक कंपनी के कैंप में पहुंचा दिया। वहां अंकित का पासपोर्ट, जरूरी दस्तावेज
और पैसे छीन लिए गए और उसे बंधक बनाकर जबरन साइबर फ्रॉड करने के लिए मजबूर किया गया।
मना करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। अंकित ने किसी तरह अपनी बहन को व्हाट्सएप के
माध्यम से अपनी स्थिति और म्यांमार के पते (ए-1, 602 कमरा नंबर. 320, दोंगमेई) की जानकारी
दी।
शिकायत के बाद थाना साइबर क्राइम ने जांच करते हुए मुख्य आरोपी अमरजीत उर्फ
गैरी को हिसार से काबू कर लिया। आरोपी के खिलाफ धारा 24 इमिग्रेशन एक्ट 1983 व अन्य
संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से पूछताछ की
जा रही है ताकि अन्य फंसे हुए युवाओं को सुरक्षित निकाला जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

