गिदौड़ा गांव में फिर एक साथ कई तेंदुए दिखाई दिये, लोगों में दहशत

मुरादाबाद, 19 सितम्बर (हि.स.)। जिले के थाना पाकबड़ा क्षेत्र के कई गांवों व मोहल्लाें में लगातार तेंदुए देखे जा रहे हैं। इससे क्षेत्रीय लोगों में दहशत बढ़ती जा रही है। गुरुवार को गिदौड़ा गांव में फिर कई तेंदुए एक साथ दिखाई दिए। वन विभाग से लोग लगातार तेंदुए की शिकायत कर रहे हैं। लेकिन वन विभाग अभी तक तेंदुए को पकड़ नहीं सका।

पाकबड़ा क्षेत्र के गुरैठा, गिदौड़ा, बागड़पुर, नया मुरादाबाद, महलकपुर माफी समेत कई गांवों में लगातार तेंदुए देखे जा रहे हैं। इन गांवों के आस-पास करीब 20 तेंदुए घूम रहे हैं। गुरैठा गांव में वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा भी लगाया है। तेंदुआ गुरैठा गांव में दिखाई तो दे रहा है, लेकिन पिंजरे में नहीं आ रहा है।

गुरुवार दोपहर में गिदौड़ा गांव के पास खेत में तेंदुआ देखकर लोग भाग आए। तेंदुए देखे जाने पर लोग काफी परेशान हैं। लोगों ने बताया कि आए दिन कहीं न कहीं तेंदुआ देखा जा रहा है। इससे कभी भी कोई दुर्घटना घटित हो सकती है। लोगों ने बताया कि वन विभाग से लगातार शिकायत की जा रही है। लेकिन अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जयसवाल

   

सम्बंधित खबर