कॉरिडोर मामले पर कांग्रेसी बंद करें राजनीतिः तिवारी

हरिद्वार, 7 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी विधानसभा हरिद्वार की बैठक खड़खड़ी स्थित भाजयुमो प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी के कार्यालय पर संपन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि कॉरिडोर प्रकरण पर कांग्रेसी राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले यह बताए कि आजादी के 60 वर्षों बाद भी उन्होंने हरिद्वार के लिए क्या किया है जबकि राज्य बनने के बाद 10 साल उनकी उत्तराखंड में भी और केंद्र में भी सरकारें रही हैं। कांग्रेस का हरिद्वार से सांसद भी रहा है, जो केंद्र में मंत्री भी रहे हैं।

हरिद्वार नगरपालिका और नगर निगम में भी दो बार कांग्रेस के पालिकाध्यक्ष और मेयर रहे हैं। इसलिए उन्हें इस प्रकरण पर हरिद्वार की जनता को भ्रमित नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब-जब कोई भी चुनाव आता है, कांग्रेस को जनता की याद आ जाती है। वैसे पूरे 5 साल कांग्रेसी जनता के बीच से नदारद रहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने जब मेडिकल कॉलेज बनवाया तो कांग्रेस ने विरोध किया। भाजपा जल भराव की समस्या का समाधान करती है तो कांग्रेस विरोध करती है। भाजपा भूमिगत बिजली और भूमिगत गैस की लाइन डलवाती है तो कांग्रेस विरोध करती है। भाजपा भूपतवाला में अस्पताल और डिग्री कॉलेज बनवाती है तो कांग्रेस विरोध करती है। भाजपा नेशनल हाइवे और रिंग रोड बनवाती है तो कांग्रेस विरोध करती है। कांग्रेस वर्तमान में मुद्दा विहीन और नेतृत्वहीन हो गई है। इसलिए जन कल्याण से जुड़े कार्यों का विरोध कर रही है।

भारतीय जनता पार्टी के सप्तऋषि मंडल अध्यक्ष तरुण नैय्यर और कनखल मंडल अध्यक्ष हीरा सिंह बिष्ट ने कहा कि कॉरिडोर प्रकरण पर हरिद्वार के विधायक मदन कौशिक मुख्यमंत्री से मिलकर स्पष्ट कह चुके हैं और मुख्यमंत्री ने यह विश्वास दिलाया कि हरिद्वार में किसी प्रकार की तोड़फोड़ नहीं की जाएगी। कॉरिडोर को उन्होंने हरिद्वार के रोड़ी बेलवाला क्षेत्र पंतदीप क्षेत्र में बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री से की है। तब कांग्रेस को इस विषय पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजयुमो के प्रदेश मंत्री दीपांशु विद्यार्थी, सुनील सेठी ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

बैठक में मंडल महामंत्री विक्की आडवाणी, देवेश ममगई, मनीष गुप्ता, आकाश चौहान, अनिमेष कुमार, अनुज कोठियाल, विदित शर्मा, विनीत जौली, अनिल वशिष्ठ, मुकेश पुरी, ललित सचदेवा, करुण मदान, अभिषेक शर्मा, दीपक चौहान, गौरव गिरी, आशीष गिरी, नीरज पाल, बॉबी बंसल उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / दधिबल यादव

   

सम्बंधित खबर