पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष बने तरुण व्यास, बिष्ट महासचिव

हरिद्वार, 4 अगस्त (हि.स.)। पहाड़ी महासभा के द्विवार्षिक चुनाव रविवार को सम्पन्न हो गए। तरुण हिमालय स्थित कार्यालय में चुनाव अधिकारी त्रिलोक चंद्र भट्ट ने अध्यक्ष पद पर तरुण व्यास, महासचिव पद पर जसवंत सिंह बिष्ट एवं उपाध्यक्ष पद पर डा. मयंक पोखरियाल को निर्वाचित घोषित किया। इससे पूर्व चुनाव अधिकारी श्री भट्ट ने बताया कि अध्यक्ष पद पर तरुण व्यास व राकेश नोडियाल, महासचिव पद पर राकेश ममगाई व जसवंत सिंह बिष्ट तथा उपाध्यक्ष पद पर मयंक पोखरियाल ने नामांकन किया था। चुनाव संचालन समिति ने जब नामांकन पत्रों की जांच की तो अध्यक्ष पद पर राकेश नोडियाल व महासचिव पद पर राकेश ममगई का नामांकन अपूर्ण पाया गया जिसके बाद दोनों नामांकन खारिज कर दिए गए। डा. मयंक पोखरियाल उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री उक्रांद नेता दिवाकर भट्ट से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।

इस अवसर पर नवनिर्वाचित अध्यक्ष तरुण व्यास ने महासभा के सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहाड़ी महासभा को एक संगठन के रूप में और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे। सभी वरिष्ठ साथियो का मार्गदर्शन लेकर पहाड़ी संस्कृति का प्रचार प्रसार व्यापक रूप से किया जाएगा। महासभा का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में रहेगा। नवनिर्वाचित महासचिव जसवंत सिंह ने कहा कि वह अपने समाज के लिए पूरी निष्ठा से अध्यक्ष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेंगे। उन्होंने पहाड़ी महासभा के पूर्व पदाधिकारियो व सदस्यों का आभार व्यक्त किया।

नव निर्वाचित पदाधिकारियो को बधाई देने वालो में अघ्यक्ष सुभाष पुरोहित, महासचिव इन्दर रावत, कोष सचिव भगवती प्रसाद पंत, सहायक चुनाव अधिकारी कमल मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष डा अजय नेगी सहित बड़ी संख्या में महासभा के सदस्य शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / पवन कुमार श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर