एआरटीओ कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप, किसानों ने किया हंगामा

- बाेले, एआरटीओ कार्यालय में बिना सुविधा शुल्क के कोई कार्य नहीं होता

हरिद्वार, 06 अगस्त (हि.स.)। रुड़की एआरटीओ अधिकारियों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए किसानों ने मंगलवार काे जमकर हंगामा किया। इस बीच किसानों की अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। अगर पुलिस न आती तो मामला बढ़ सकता था। किसानों का आरोप है कि एआरटीओ कार्यालय में बिना सुविधा शुल्क के कोई कार्य नहीं होता। अगर कोई कार्य करवाना हो तो एजेंट को बीच में लेना होता है।

चारधाम यात्रा के बाद अब एक बार फिर एआरटीओ कार्यालय विवादाें में है। भाकियू तोमर कार्यकर्ताओं ने भ्रष्टाचार काे लेकर कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं की अधिकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बाद किसानों ने एआरटीओ एल्विन रोक्सी को अपने बीच बैठा लिया। भारतीय किसान यूनियन तोमर के प्रदेश अध्यक्ष सचिन मलकपुर का आरोप है कि एआरटीओ कार्यालय में अधिकारी को फोन किया जाता है तो उनका फोन रिसीव नहीं होता और कार्यालय में कोई भी कार्य बिना शुल्क नहीं होता। उन्हाेंने कहा कि कार्यालय के कर्मचारी पूरी तरह से भ्रष्ट हैं और अगर काेई सुविधा शुल्क न दे तो उनका काम नहीं करते। उन्हाेंने आरोप लगाया कि बिना एजेंट के कोई भी कार्य इस कार्यालय में नहीं होता है। हालांकि एआरटीओ ने सभी आरोपाें काे निराधार बताए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / कमलेश्वर शरण

   

सम्बंधित खबर