राष्ट्रध्वज के प्रति प्रेम व सम्मान का प्रतीक है हर घर तिरंगा अभियानः रविन्द्र पुरी

हरिद्वार, 13 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं एसएमजेएन कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्रीमहन्त रविन्द्र पुरी महाराज और कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सुनील बत्रा ने शौर्य दीवार पर पुष्पाजंलि अर्पित कर हर घर तिरंगा अभियान का शुभारम्भ किया। आजादी के अमृत महोत्सव के अन्तर्गत हर घर तिरंगा के अन्तर्गत शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं को श्री महन्त रविन्द्र पुरी ने तिरंगा झंडा वितरित किए।

श्रीमहन्त रविन्द्र पुरी महाराज ने हर घर तिरंगा यात्रा का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि ध्वज के प्रति प्रेम और सम्मान को पूरे देश में फैलाने के लिए हर घर तिरंगा अभियान प्रधानमंत्री द्वारा किया गया है, जो सम्मान का प्रतीक है। आज हम सबके लिए गौरव की बात है कि आज देश के कोने-कोने में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है, जिससे हर उम्र के लोग इसके साथ जुड़ रहे हैं तथा पूरा भारत वर्ष तिरंगामय हो रहा है। श्रीमहन्त रविन्द्र पुरी ने सभी से अपने घरों में तिरंगा लगाने की अपील करते हुए कहा कि हर घर तिरंगा उन समस्त वीरों की याद दिलाएगा जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए एक राष्ट्रीय ध्वज का स्वपन देखा था। प्रधानमंत्री की प्रेरणा से हर घर तिरंगा अभियान जन अभियान बन चुका है। आज आवश्यकता इस बात की है कि युवा पीढ़ी हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से यह जान सके कि इस तिरंगे के लिए अमर शहीदों ने विगत शताब्दी में कितने बड़े बलिदान दिये हैं।

प्राचार्य डॉ. बत्रा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता आन्दोलन के महत्व से परिचित कराएगा। इसके साथ-साथ उन्होंने युवाओं से अपील भी की वे अपने फेसबुक अथवा वाट्सऐप पर अपने घर के तिरंगे के साथ सेल्फी को अवश्य अपलोड करें जिससे जिससे यह संदेश जाये कि हमारे महाविद्यालय के युवाओं में हर घर तिरंगा अभियान के प्रति कितना उत्साह है।

तिरंगा यात्रा का संयोजन डॉ सुषमा नयाल, डॉ पूर्णिमा सुन्दरियाल, डॉ मोना शर्मा, डॉ यादवेन्द्र सिहं , श्रीमती रिचा मिनोचा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना की छात्राओं ने किया। यात्रा कॉलेज परिसर से प्रारम्भ होकर गोविन्दपुरी, चन्द्राचार्य, विवेक विहार होते हुए वापस महाविद्यालय परिसर में सम्पन्न हुई। तिरंगा यात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला / पवन कुमार

   

सम्बंधित खबर