अमेठी में आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित 20 पदाधिकारियों का सामूहिक इस्तीफा
- Admin Admin
- Dec 01, 2025

अमेठी, 1 दिसंबर (हि.स.)। आम आदमी पार्टी को उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में बड़ा झटका लगा है। सोमवार को पार्टी के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल के नेतृत्व में कुल 20 पदाधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारियों से सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफे का प्रमुख कारण जिला प्रभारी अतुल सिंह की कथित कार्यशैली से नाराजगी बताई गई है।
जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने शाम को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी कि अमेठी संगठन के अधिकांश पदाधिकारी और सक्रिय कार्यकर्ता लंबे समय से संगठनात्मक असंतोष झेल रहे थे। उन्होंने बताया कि “जिला प्रभारी अतुल सिंह की कार्यप्रणाली से हम सभी आहत हैं। इसी कारण सामूहिक रूप से अपने-अपने पदों से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया गया।”
हरिशंकर जायसवाल के अनुसार सभी त्यागपत्र प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह को संबोधित हैं। प्रेस विज्ञप्ति में उल्लेख है कि पार्टी के उच्चाधिकारियों की कार्यशैली ने पदाधिकारियों को निराश और हतोत्साहित किया, जिसके चलते सामूहिक त्यागपत्र अपरिहार्य हो गया। सभी पदाधिकारियों ने पार्टी कार्यालय सगरा तिराहा, अमेठी पहुंचकर अपने पत्र सौंपे। जिसके बाद जिलाध्यक्ष ने भी त्यागपत्र स्वीकार करते हुए स्वयं भी पद छोड़ने की घोषणा कर दी।
इस्तीफा देने वालों में प्रमुख रूप से हरिशंकर जायसवाल, जिलाध्यक्ष, एडवोकेट धर्मेंद्र शुक्ला, जिला महासचिव, संदीप कसौधन, जिला कोषाध्यक्ष,शिवम प्रजापति, जिला संगठन मंत्री,पवन कुमार सरोज, जिला उपाध्यक्ष,घनश्याम सोनी, नगर अध्यक्ष अमेठी, मोहम्मद सरदार, नगर महामंत्री, सतीश श्रीवास्तव, व्यापार प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष, मुनव्वर अली सैफी, अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष
, राम निरंजन कोरी अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष, कविता कश्यप, महिला प्रकोष्ठ जिला महासचिव, श्रीमती लक्ष्मी देवी, महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष, सलीम राईन, नगर महामंत्री अमेठी, रियाज सैफी, नगर संगठन मंत्री अमेठी, तौफीक, नगर अध्यक्ष अमेठी के अतिरिक्त पचासों कार्यकर्ताओं ने भी पद छोड़ने की पुष्टि की है।
अपने इस्तीफे की घोषणा के बाद हरिशंकर जायसवाल ने कहा कि फिलहाल किसी भी दूसरी पार्टी में शामिल होने की कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा, “सभी लोग स्वतंत्र हैं कि अपनी दिशा स्वयं तय करें। जल्दबाज़ी में कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। आगे की रणनीति पूरी शांति और विचार-विमर्श के बाद तय की जाएगी, जिसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से दी जाएगी।” सामूहिक इस्तीफे की इस घटना के बाद जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और आम आदमी पार्टी की स्थानीय इकाई पर इसका व्यापक असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी



