सतौन में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, चालक गिरफ्तार

नाहन, 13 मई (हि.स.)। जिला सिरमौर के सतौन क्षेत्र में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय धनवीर सिंह, निवासी गांव मझोली, डाकघर कोडगा, तहसील कमरऊ, जिला सिरमौर के बयान पर दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि 12 मई मंगलवार को शाम करीब 4 बजे जब वह सतौन बस स्टैंड पहुंचा तो उसने देखा कि उसके नाना इंद्र सिंह पुत्र जालम सिंह सड़क के बीच मृत अवस्था में पड़े हुए थे।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिलाई की ओर से आ रहे ट्रक चालक दिनेश कुमार पुत्र जालम सिंह, निवासी कमरऊ ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए सड़क पार कर रहे इंद्र सिंह को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।

इस संबंध में पुलिस थाना पुरुवाला में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106 तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 187 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की आगामी जांच जारी है।

   

सम्बंधित खबर