- पंचकूला, सोनीपत और अंबाला समेत छह निकायों में खिला कमल
- हुड्डा के गढ़ सांपला में भाजपा जीती
- अब सभी 11 नगर निगमों पर भाजपा का कब्जा
चंडीगढ़, 13 मई (हि.स.)। हरियाणा के शहरों में भी अब भाजपा की सरकार होगी। बुधवार को घोषित चुनाव परिणाम के दौरान सात निकायों में से छह में भाजपा ने जीत दर्ज की है। हिसार जिले की उकलाना नगरपालिका में कांग्रेस व इनेलो समर्थित 22 वर्षीय निर्दलीय उम्मीदवार रीमा सोनी चुनाव जीतने में सफल रही है। भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के प्रभाव वाले सोनीपत और सांपला में भी चुनाव जीत लिया है।
शहरी निकाय चुनाव में सबसे बड़ी जीत पंचकूला नगर निगम में भाजपा के शामलाल बंसल की हुई है, जिन्होंने कांग्रेस की सुधा भारद्वाज को 36 हजार 252 मतों के भारी अंतर से पराजित कर मेयर की कुर्सी पर कब्जा किया। पंचकूला में इनेलो के मनोज अग्रवाल को 3465 और आम आदमी पार्टी के राजेश कुमार को सिर्फ 2759 मतों में संतोष करना पड़ा। सोनीपत नगर निगम के चुनाव में भाजपा के राजीव जैन की दूसरी सबसे बड़ी जीत हुई है। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रह चुके राजीव जैन ने कांग्रेस के कमल दिवान को 23 हजार 247 मतों के अंतर से पराजित कर दूसरी बार मेयर का पद कब्जाया। इससे पहले राजीव जैन उपचुनाव में मेयर बने थे। यहां इनेलो के आनंद कुमार को 5210 मतों में संतोष करना पड़ा।
तीसरे नगर निगम अंबाला में भाजपा की अक्षिता सैनी ने कांग्रेस की कुलविंदर कौर सैनी को 21 हजार 358 मतों के अंतर से पराजित कर मेयर का चुनाव जीता। निर्दलीय उम्मीदवार सोनिया चौधरी ने अंबाला नगर निगम के चुनाव को त्रिकोणीय बना दिया था। सोनिया को इस चुनाव में 21 हजार 730 वोट मिले। पंचकूला, अंबाला और सोनीपत तीनों नगर निगमों में भाजपा मेयरों की जीत का अंतर 20 हजार से अधिक रहा है, जबकि इनमें भी पंचकूला में जीत का अंतर 35 हजार से अधिक है।
रेवाड़ी नगर परिषद में अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा की विनिता पिप्पल ने कांग्रेस की निहारिका को 21 हजार 455 मतों के अंतर से पराजित कर दिया, जबकि धारूहेड़ा नगर पालिका के अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा के सत्य नारायण उर्फ अजय जांगड़ा ने निर्दलीय बाबू लाल लांबा को 6236 मतों के अंतर से पराजित किया। धारूहेड़ा के चुनाव में कांग्रेस की कुमारी राज तीसरे नंबर पर रही। सांपला नगर पालिका पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के विधानसभा क्षेत्र गढ़ी-सांपला-किलोई का हिस्सा है। कांग्रेस ने हालांकि यहां अपनी पार्टी का कोई अधिकृत उम्मीदवार चुनाव मैदान में नहीं उतारा, जबकि भाजपा के प्रवीण ने निर्दलीय अंकित शमशेर सिंह को 687 मतों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद जीत लिया।
हरियाणा में कुल 11 नगर निगम हैं। इनमें फरीदाबाद, गुरुग्राम, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, रोहतक, पानीपत, करनाल, हिसार, सोनीपत और मानेसर शामिल हैं। इनके अलावा, राज्य में 23 नगर परिषदें और 53 से अधिक नगर पालिकाएं हैं। पंचकूला, सोनीपत और अंबाला नगर निगमों में भाजपा के मेयर बनने के बाद अब सभी 11 नगर निगमों में भाजपा के मेयर हो गए हैं। आठ नगर निगमों में पहले से भाजपा के मेयर चुनाव जीते हुए थे। इस बार के चुनाव में करीब 55 प्रतिशत वोट पड़े थे, जोकि काफी कम थे।
---------------

