मोदी सरकार की उपलब्धियाें काे घर-घर पहुंचाएगी हरियाणा सरकार

20 जून तक चलाए जाएंगे विभिन्न कार्यक्रम

चंडीगढ़, 10 जून (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता ने कहा है कि सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर अधिकारी रूपरेखा तय करे।

उन्होंने इस संबंध में बुधवार काे प्रदेश के सभी उपायुक्तों की वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से सचिवालय से बैठक ली है। बैठक में सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल, मुख्यमंत्री के ओएसडी बीबी भारती, कृषि विभाग के महानिदेशक राजनारायण कौशिक, पीसीसीएफ केसी मीणा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के अतिरिक्त निदेशक मनीष लौहान, संयुक्त निदेशक नीरज कुमार भी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता ने सभी उपायुक्तों से अब तक की गई तैयारियों के संबंध में रिपोर्ट लेते हुए विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि 20 जून तक चलाए जाने वाले विशेष प्रचार एवं जन-जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए ड्यूटियां सुनिश्चित कर ली जाएं। प्रचार अभियान के दौरान सभी समारोह में मंत्रीगण, सांसदगण, विधायक एवं जनप्रतिनिधियों को विशेष तौर पर आमंत्रित किया जाएं।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं गतिविधियों को स्वीकृति प्रदान करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं तथा गत 12 वर्षों की उपलब्धियों को आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना है।

सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल ने बैठक के दौरान प्रचार अभियान में किए जाने वाले कार्यो की विस्तृत रूप रेखा प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि इस दौरान मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मंत्रीगण मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद करेंगे और सरकार की उपलब्धियों एवं योजनाओं की जानकारी सांझा करेंगे।

उन्होंने कहा कि विशेष जनसंपर्क अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि लोगों के बीच जाकर संवाद स्थापित करेंगे। इसके तहत जनप्रतिनिधियों के दौरे भी प्रस्तावित हैं, जिनके दौरान विकास कार्यों एवं जनहितकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

डॉ अमित अग्रवाल ने कहा कि युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘प्रगति पथ’ से जुड़ी प्रदर्शनी जिला मुख्यालयों पर आयोजित की जाएंगी, जिनमें 12 साल की सरकार की उपलब्धियों का लेखा—जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। प्रदर्शनी में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आमजन को सरकार की नीतियों एवं कार्यक्रमों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक गतिविधि की रिपोर्ट समयबद्ध रूप से संबंधित कार्यालयों को उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल प्रचार-प्रसार नहीं, बल्कि जनभागीदारी बढ़ाना और पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।

--------------

   

सम्बंधित खबर