हरियाणा की नर्सिंग ऑफिसर ने महिला आयोग अध्यक्ष के खिलाफ खोला मोर्चा
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
मंगलवार काे प्रदेश के सभी अस्पतालों में होगी दो घंटे पेन डाउन स्ट्राइक
चंडीगढ़, 08 जून (हि.स.)। कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी सरकारी अस्पताल से जुड़ा विवाद अब और भी गहरा गया है। नर्सिंग संगठनों ने हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया की कथित टिप्पणियों को लेकर विरोध का स्वर तेज कर दिया है। इसी कड़ी में हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों में 9 जून को दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल का ऐलान किया गया है।
नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की अध्यक्ष विनीता बांगड़ ने सोमवार को चंडीगढ़ में बताया कि 7 जून को सिविल अस्पताल कुरुक्षेत्र में एक मामले की जांच के दौरान नर्सिंग अधिकारियों के प्रति अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणी की गई, जिससे पूरे नर्सिंग समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन ने कहा कि नर्सिंग स्टाफ पर लगाए गए आरोप तथ्यों से मेल नहीं खाते और पूरे नर्सिंग कैडर को एक साथ कटघरे में खड़ा करना उचित नहीं है।
मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव तथा महानिदेशक को लिखे पत्र में एसोसिएशन ने कहा है कि नर्सिंग ऑफिसर की ड्यूटी इनडोर में होती है। कुरुक्षेत्र में युवती के साथ दुष्कर्म करने वाले दागी डाक्टर को दोबारा नियुक्ति देने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया को अपनी सार्वजनिक टिप्पणी को लेकर नर्सिंग स्टाफ से माफी मांगनी चाहिए।
इस विवाद में अब ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन भी खुलकर सामने आ गया है। फेडरेशन ने हरियाणा सरकार को भेजे पत्र में महिला आयोग की अध्यक्ष को हटाने, एफआईआर दर्ज करने, सार्वजनिक माफी और स्वास्थ्य कर्मियों के सम्मान की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी मांगें उठाई हैं। फेडरेशन ने कहा कि किसी एक घटना के आधार पर पूरे नर्सिंग पेशे पर टिप्पणी करना लाखों नर्सिंग कर्मियों की गरिमा को प्रभावित करता है। इसी विरोध के तहत हरियाणा के सभी जिलों के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में 9 जून को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पेन डाउन कार्यक्रम प्रस्तावित किया गया है।
---------------

