सतना: सीवर लाइन प्रोजेक्ट के गड्ढे में गिरे मजदूर की मौत, मलबे में दबा था, 7 घंटे तक चला रेस्क्यू

सतना, 12 जनवरी (हि.स.)। शहर में सीवर लाइन में काम के दौरान मिट्टी धसने से गड्ढे में गिरे मजदूर की मौत हो गई है। वह 22 फीट गहरे में मलबे में दबा हुआ था। करीब सात घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका। देर रात करीब साढ़े बारह बजे उसका शव बाहर निकाला गया। हादसा शहर के मारुति नगर क्षेत्र की शारदा कॉलोनी में गुरुवार शाम करीब छह बजे हुआ था।

दरअसल, सतना शहर के नगर निगम सीमा के अंतर्गत सिविल लाइन प्रोजेक्ट के अंतर्गत पाइप लाइन और चैंबर बनाने का काम किया जा रहा है। इसके तहत शहर के एक से लेकर 45 वार्डों के अंदर सड़क को खोदकर सीवर लाइन का काम किया जा रहा है। इसी के तहत शारदा कॉलोनी में चल रहे प्रोजेक्ट में ग्वालियर निवासी मजदूर सुरेन्द्र कुशवाहा 25 वर्ष यहां काम में लगा था। गुरुवार शाम को लगभग छह बजे सीवर लाइन के काम के दौरान मजदूर यहां खोदे गए करीब 25 फीट गड्ढे में गिर गया और मिट्टी के नीचे दब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। मजदूर सुरेंद्र कुशवाहा 22 फिट गहरे गड्ढे में गिर कर मलबे में फंस गया था।तत्काल मौके पर काम करने वाली जेसीबी मशीन के अलावा दो चैन माउंटेन की जेसीबी मशीन मंगाई गई। करीब सात बजे से रेस्क्यू ऑपरेशन चालू कर दिया गया और यह रेस्क्यू ऑपरेशन रात 12:35 बजे तक चला, जिसके बाद मजदूर को बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक के बड़े भाई ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया

इस मामले पर मृतक के बड़े भाई रामनरेश कुशवाह ने ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाया है। साथ ही कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले पर एसडीएम बीर का कहना है कि सीवर लाइन के काम के दौरान मिट्टी धंसने से मजदूर उसके नीचे दब गया था। रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक एन विराट नामक कंपनी का कर्मचारी था। इस मामले में कंपनी से बात की जाएगी। वहीं कंपनी ने सुरक्षा का ध्यान रखा था या नहीं यह जांच के बाद पता चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा//मयंक

   

सम्बंधित खबर