एक हजार अज्ञात मृतकों की पहचान के लिए लगी फोटो प्रदर्शनी

-ढाई साल से पिता को तलाश रहे युवक को मृतक पिता की मिली जानकारी

सूरत, 13 जनवरी (हि.स.)। शहर में अज्ञात मृतकों के शवों का अंतिम संस्कार करने वाली संस्था ने शनिवार को सूरत में फोटो प्रदर्शनी लगाई। इस संस्था ने एक हजार मृतकों की फोटो प्रदर्शनी के जरिए उनके वारिसों की खोजबीन का बीड़ा उठाया है। अग्निदाह सेवा केन्द्र अज्ञात शवों का विधिपूर्वक अंतिम संस्कार करती है।

सूरत के उधना क्षेत्र के मगदल्ला रोड पर अंबानगर के पीछे शनिदेव मंदिर के पास शनिवार को अग्निदाह सेवा केन्द्र की ओर से एक हजार मृतकों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। केन्द्र शहर के अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार पूरी धार्मिक विधि के साथ करते हुए अस्थि विसर्जन करती है। इसके अलावा आत्मा की शांति के लिए यज्ञ का आयोजन करती है।

पिछले करीब 23 वर्षों से हर साल लगने वाली इस प्रदर्शनी से अब तक 55 अज्ञात शवों की पहचान की जा चुकी है। शनिवार को भी उस समय भावुक दृश्य पैदा हुआ जब पिछले ढाई साल से पिता की तलाश कर रहे युवक को इस प्रदर्शनी में अपने पिता की तस्वीर मिली।

अग्निदाह सेवा केन्द्र के प्रमुख वेणीलाल मारवाला ने बताया कि संस्था बिना किसी भेदभाव के शवों का अंतिम संस्कार कराती है। संस्था की ओर से अब तक करीब 8 से 10 हजार अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया जा चुका है। शनिवार को फोटो प्रदर्शनी में ढाई साल से अपने पिता को ढूढ रहे युवक को उसके पिता के मृत होने की जानकारी मिली तो वह अपने आंसू रोक नहीं पाया। वहीं एक अन्य महिला भी अपने पति को ढूंढ़ते-ढूंढ़ते हुए फफक पड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/संजीव

   

सम्बंधित खबर