लोकसभा चुनाव कार्ययोजना बैठक का दूसरा दिन: भाजपा पदाधिकारियों को मिल सकता है टास्क

जयपुर, 13 जनवरी (हि.स.)। लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटी प्रदेश भारतीय जनता पार्टी शनिवार को दूसरे दिन भी कार्ययोजना पर दिन भर मंथन करेगी। दो चरणों मे शुरू होने वाली इस बैठक में पहले दौर में प्रदेश भाजपा से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे, जबकि दोपहर बाद बाद मोर्चों के पदाधिकारी बैठक का हिस्सा बनेंगे।

शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित एक रिसॉर्ट में पांच घंटे से ज्यादा मंथन के बाद चुनाव को लेकर रणनीति बनी। अब उसी रणनीति को धरातल पर उतारने के लिए शनिवार को प्रदेश पदाधिकारियों और मोर्चों को जिम्मेदारी दी जाएगी। कार्ययोजना के दूसरे दिन दिनभर दो चरणों मे पार्टी मुख्यालय पर बैठक होगी। यह बैठक भाजपा प्रदेश कार्यालय में होगी। इसमें सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। इसके बाद दोपहर में संयुक्त मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक होगी, जिसमें सभी मोर्चा के पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में अयोध्या राम मंदिर दर्शन और केंद्र सरकार की योजना के जरिए कैसे माहौल खड़ा किया जाए, इसको लेकर संदेश दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल मुख्य रूप से शामिल होंगे।

बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा को बूथ स्तर तक ले जाने की रणनीति को किस तरह से जिला और मोर्चे के पदाधिकारी आगे लेकर जाएं, इसको लेकर खास चर्चा होनी है, ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में इसका लाभ पार्टी को मिल सके। इसके साथ ही बैठक में आगामी दो महीने चलने वाला अयोध्या श्री राम मंदिर दर्शन यात्रा को लेकर विशेष निर्देश दिए जाएंगे। ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए इसको लेकर जिम्मेदारी तय की जाएगी। प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के बाद भाजपा 27 जनवरी से 27 मार्च तक एक अभियान शुरू कर रही है, जिसमें पूरे देशभर से ढाई करोड़ लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। राजस्थान से भी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र से 20 हजार लोगों को राम मंदिर के दर्शन कराने की योजना है।

हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/संदीप

   

सम्बंधित खबर