मप्र : प्रदेश में सबसे ठंडा रहा दतिया, ग्वालियर-भोपाल समेत आधे प्रदेश में छाई धुंध
- Admin Admin
- Jan 13, 2024
भोपाल, 13 जनवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश में मौसम ने फिर करवट बदली है। सुबह कोहरा छा रहा है तो रातें ठंडी हो रही हैं। वहीं, दिन में टेम्प्रेचर में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। शुक्रवार को प्रदेश में ऐसा ही मौसम रहा। ज्यादातर शहरों में दिन का तापमान 1 से 5 डिग्री तक बढ़ गया। शनिवार को प्रदेश में दतिया सबसे ठंडा रहा, वहीं ग्वालियर-भोपाल समेत आधे प्रदेश में मध्यम से घना कोहरा छाया रहा।
प्रदेश में शुक्रवार रात सबसे ठंडा दतिया रहा। यहां न्यूनतम पारा 4.9 डिग्री पहुंच गया। नौगांव और रीवा में 5.5, खजुराहो में 6, ग्वालियर में 6.5, सतना में 6.9, सीधी में 7, उमरिया में 8.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। प्रदेश के बाकी शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से ऊपर रहा। सबसे ज्यादा 16.2 डिग्री इंदौर में रिकॉर्ड हुआ। पचमढ़ी में यह 10 डिग्री रहा। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि अभी वेस्टर्न डिस्टरबेंस अफगान-ईरान के आसपास है। इस वजह से विंड पैटर्न बदल गया है। राजस्थान के आसपास चक्रवात की एक्टिविटी है। इन वजहों से अगले 2 से 3 दिन तक कोहरा रहेगा। इसके बाद रात के टेम्प्रेचर में कुछ गिरावट हो सकती है, लेकिन 16 जनवरी से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने का अनुमान है। इससे रात का तापमान ज्यादा नहीं गिरेगा।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, सिस्टम गुजरने के बाद ही रात के तापमान में गिरावट होगी और ठंड असर दिखाएगी। हालांकि, दिन ठंड रहेंगे। ज्यादातर शहरों में टेम्प्रेचर 25 डिग्री के आसपास ही रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/केशव दुबे/मुकेश