श्रद्धापूर्वक मनाया गया गुरु गोविन्द सिंह का प्रकाश पर्व

हरिद्वार, 14 जनवरी (हि.स.)। सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश पर्व और माघ महीने की संक्रांति के उपलक्ष्य में निर्मल संतपुरा आश्रम स्थित गुरुद्वारे में महान कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। इसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के आगे माथा टेका।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुखमनी साहिब के पाठ से हुआ जिसके उपरांत भाई बलजीत सिंह लुधियाना वाले ने कीर्तन से सभी को निहाल किया। संत बलजिंदर सिंह ने कथा सुनाकर गुरु गोबिंद सिंह की जीवनी पर प्रकाश डाला।

निर्मल संतपुरा आश्रम के परमाध्यक्ष संत जगजीत सिंह शास्त्री ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह ने देश और धर्म के लिए अपना पूरा परिवार बलिदान किया। उनके बलिदान को भुलाया नही जा सकता। सिक्ख धर्म में उनका बहुत ऊंचा स्थान है। गुरु गोबिंद सिंह का पूरा जीवन असहायों की मदद, रक्षा में बीता। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही अपना जीवन सफल बना सकते हो। उन्होंने कहा कि सदैव प्रभु का सिमरन करते रहना चाहिए। सभी आपस में भाईचारे और सौहाद्र से रहें। उन्होंने कहा कि माघ महीने में ही अमृतसर में हरमिंदर साहिब की नींव रखी गई थी।

इस अवसर पर संत तरलोचन सिंह, संत बलजिंदर सिंह, संत मंजीत सिंह, बाबा मोहन सिंह, बाबा तीरथ सिंह, सुरेन्द्र सिंह, परमिंदर सिंह, हरबंस कौर, हरजीत कौर, सरबजीत सिंह, सतनाम सिंह, हरजिंदर सिंह, कुलदीप सिंह, लखविंदर सिंह, रविंद्र सिंह आदि सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज

   

सम्बंधित खबर