कोलकाता में आमने-सामने से टकराईं यात्रियों से भरी दो बसें

कोलकाता, 16 जनवरी (हि.स.)। बेलेघाटा इलाके में मंगलवार दोपहर दो बसों की टक्कर में कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि रूट नंबर 44 की एक निजी बस और हावड़ा जाने वाली पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) की बस की बेलेघाटा मुख्य मार्ग पर टक्कर हो गई। दुर्घटना के समय दोनों बसों में यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि घटना में सरकारी डब्ल्यूबीटीसी बस का चालक केबिन में फंस गया, उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों में कई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। घायलों को नील रतन सरकार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनआरएसएमसीएच) में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बसों में करीब 40 यात्री सवार थे। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है और दोनों बसों को घटनास्थल से हटा लिया गया है। उन्होंने बताया कि निजी बस का चालक घटना के बाद से लापता है। हादसे के कारण इस व्यस्त इलाके में भीषण यातायात जाम लग गया। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर