ग्वालियर: शहर में सुबह घना कोहरा, दोपहर में धूप, शाम को चली शीतलहर
- Admin Admin
- Jan 16, 2024
-अधिकतम पारा 15.2 डिग्री पर ठिठका
ग्वालियर, 16 जनवरी (हि.स.)। सोमवार के बाद मंगलवार को भी सुबह घना कोहरा छाया रहा। इस दौरान दृश्यता लगभग 50 मीटर रही। दोपहर में धूप खिली रही लेकिन सर्द हवाएं भी चलती रहीं। शाम को सर्द हवाएं और तेज हो गईं। इस कारण आज अधिकतम तापमान 15.2 डिग्री सेल्सियस पर ही थम गया जो औसत से 6.3 और पिछले दिन से 4.3 डिग्री सेल्सियस कम है जबकि न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.4 और पिछले दिन से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम है। इस प्रकार मंगलवार का दिन अत्यधिक ठंडे दिन के रूप में दर्ज हो गया।
स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पूर्व से ठंडी हवाएं आ रही हैं। इन हवाओं में नमी भी है। चूंकि सुबह हवाओं की गति मंद रहती है। इस कारण पिछले दो दिन से सुबह के समय घना कोहरा पड़ रहा है जबकि शाम को उत्तर-पूर्वी हवाओं की गति बढ़ जाती है। इस कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट हो रही है। बुधवार को भी सुबह मध्यम से घना कोहरा पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि आज एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय में पहुंच गया है। इसका असर भी दिखने लगा है। आज शाम को आसमान में कोहरे के साथ आंशिक बादल भी दिखने लगे हैं। बुधवार को बादलों का घनत्व बढ़ सकता है। हालांकि बारिश की संभावना कम है लेकिन इस मौसम प्रणाली के प्रभाव से हवाओं के रुख में बदलाव होगा जिससे न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। साथ ही शीतलहर में भी कमी आएगी। अगले दो से तीन दिन में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होन के बाद फिर से शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा और न्यूनतम तापमान में गिरावट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद