कोहरे का कहरः जालंधर में पुलिस बस और ट्राले की टक्कर में तीन पुलिस कर्मियों की मौत, दस घायल

चंडीगढ़, 17 जनवरी (हि.स.)। पंजाब में घने कोहरे के कारण बुधवार की सुबह हुए सड़क हादसे में तीन पुलिस कर्मियों की मौत हो गई जबकि दस घायल हो गए। सभी पुलिस कर्मचारी जालंधर स्थित पुलिस अकादमी से गुरदासपुर के लिए जा रहे थे। हादसा सुबह करीब छह बजे हुआ है। बस में बीस पुलिस कर्मचारी सवार थे।

पंजाब पुलिस अकादमी जालंधर से एक बस बीस पुलिस कर्मियों को लेकर आज सुबह गुरदासपुर के लिए रवाना हुई। रास्ते में कोहरा घना था। मुकेरियां के पास सडक़ किनारे एक ट्राला खड़ा था। कोहरे के कारण दृश्यता कम होने पर पुलिस कर्मचारियों से भरी यह बस इस खड़े ट्राले से टकरा गई। हादसे के बारे में पता चलते ही आसपास के ग्रामीण तथा स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।

बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से ट्राले के बीच घुस गया था। इससे बस के चालक तथा उनके पीछे बैठी एक महिला कांस्टेबल व एक अन्य पुलिस कांस्टेबल की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दस अन्य पुलिस कर्मचारी घायल हो गए। घायलों को जालंधर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

घटनास्थल के निकट स्थित धार्मिक स्थल में सेवा करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि हादसे के बाद बस में ही सवार कर्मचारी उनके पास आए और घटना के बारे में बताया। इसके बाद स्थानीय लोग मदद को पहुंचे। कई पुलिस कर्मचारी जख्मी हालत में बस में फंसे हुए थे। उनको बाहर निकाल कर इलाज के लिए मुकेरियां सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/दधिबल

   

सम्बंधित खबर