मप्र: भाजपा प्रदेश कार्यालय में 21 जनवरी से होगा अखंड रामायण पाठ का आयोजन
- Admin Admin
- Jan 19, 2024
108 दिव्यांगजन ब्रेल लिपि में करेंगे अखंड रामायण का पाठ
भोपाल, 19 जनवरी (हि.स.)। 500 वर्ष के लंबे इंतजार के बाद 22 जनवरी को भगवान श्रीराम अयोध्या के भव्य मंदिर में विराजमान होने वाले हैं। इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देश भर में स्वच्छता अभियान, धार्मिक एवं पूजन-पाठ का आयोजन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में भी अखंड रामायण पाठ का आयोजन होगा। पार्टी कार्यालय स्थित शिव मंदिर में 21 जनवरी को प्रातः 11 बजे से अखंड रामायण पाठ का आयोजन होगा। अखंड रामायण का पाठ प्रदेश भर से आए 108 दिव्यांगजन ब्रेल लिपि में करेंगे, जो देश में अपने तरह का पहला आयोजन होगा। 22 जनवरी को प्रातः 11 बजे हवन-पूजन के साथ अखंड रामायण पाठ का समापन होगा।
भाजपा के प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि अखंड रामायण पाठ की शुरूआत 21 जनवरी की सुबह 11 बजे होगी। दिव्यांगजन ब्रेल लिपि में रामायण का पाठ करेंगे। इसके लिए विशेष रूप से ब्रेल लिपि में रामायण बुलवाई गई है। ज्यादातर दिव्यांगजनों को रामायण का पाठ कंठस्थ है। पाठ का आयोजन 24 घंटे तक होगा और 22 जनवरी की सुबह 11 बजे हवन-पूजन के साथ अखंड रामायण पाठ का समापन होगा। उसके उपरांत प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
मोर्चों के पदाधिकारी 5-5 घंटे देंगे समय
कार्यालय मंत्री डॉ. शर्मा ने बताया कि ब्रेल लिपि में अखंड रामायण पाठ का अपने तरह का यह पहला आयोजन है। इस आयोजन में भाजपा के प्रत्येक मोर्चों के पदाधिकारी पांच घंटे समय देंगे और आयोजन को सफल बनाएंगे। 24 घंटे पार्टी कार्यालय राममय रहेगा और हवन-पूजन भी होगा।
बड़ी स्क्रीन पर अयोध्या से होगा मुख्य आयोजन का लाइव प्रसारण
डॉ. राघवेन्द्र शर्मा ने बताया कि अखंड रामायण का पाठ अपने समय पर पूरा होगा और ठीक 11 बजे समाप्त हो जाएगा। उसके उपरांत भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन से लाइव प्रसारण भी कार्यालय में देखा जाएगा। इसके लिए मंदिर के सामने बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। यहां पर पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उक्त भव्य आयोजन का लाइव प्रसारण देखेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/ नेहा/मुकेश