पखांजूर नगर पंचायत में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित

कांकेर /रायपुर, 19 जनवरी (हि.स.)। कांकेर जिले के पखांजूर नगर पंचायत में अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव शुक्रवार को पारित हो गया। जेल में बंद कांग्रेस अध्यक्ष विश्वास मत हासिल नहीं कर सके।भाजपा ने बहुमत हासिल कर लिया और पार्टी की मोनिका शाहा अध्यक्ष बनाई गई।

ज्ञात हो कि नगर पंचायत पखांजूर में 15 पार्षद हैं , जिसमें भाजपा के 9 और कांग्रेस के 6 पार्षद जीत कर आए थे ।भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला था ।लेकिन भाजपा के 2 पार्षद भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। जिसके बाद कांग्रेस के बप्पा गांगुली अध्यक्ष बने, और मायारानी सरकार उपाध्यक्ष बन गई।

प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद कांग्रेस के नाराज पार्षदों ने भाजपा के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष असीम राय से मुलाकात की।जिसके बाद पूर्व अध्यक्ष असीमराय ने अविश्वास प्रस्ताव लाने का आवेदन प्रशासन को सौपा, इसी बीच पूर्व अध्यक्ष असीमराय को भारी पड़ता देख उनकी हत्या करवा दी गई थीं। इस हत्याकांड में अध्यक्ष बप्पा गांगुली और पार्षद विकासपाल जेल में सजा काट रहें है और अविश्वास प्रस्ताव में वोट भी नहीं डाल पाए।

हिन्दुस्थान समाचार /केशव शर्मा

   

सम्बंधित खबर