प्राइवेट ट्रांसपोर्ट की हड़ताल से पंजाब में बिगड़े हालात, बंद होने लगे पेट्रोल पंप

- बुधवार को रोडवेज कर्मचारी करेंगे दो घंटे चक्का जाम

चंडीगढ़, 02 जनवरी (हि.स.)। हिट एंड रन कानून के विरोध में ट्रक चालकों की हड़ताल के कारण पंजाब में हालात बिगड़ने शुरू हो गए हैं। प्रदेश के 30 प्रतिशत से अधिक पेट्रोल पंप मंगलवार शाम को बंद हो गए हैं। तेल की सप्लाई रूकने के कारण बुधवार को मंडियों में सब्जियां नहीं आएंगी।

दोआबा पेट्रोल पंप मालिक व पंजाब पेट्रोल पंप एसोसिएशन के प्रधान परमजीत सिंह दोआबा के अनुसार अगर हड़ताल नहीं ख़त्म होती तो हालात और भी बिगड़ सकते हैं। जालंधर में 90 प्रतिशत से ज्यादा पेट्रोल पंपों पर तेल खत्म हो चुका है। जिन पंपों पर तेल बचा है, वहां पर लोगों की भीड़ लगी है। प्रशासन के आग्रह पर कुछ ट्रांसपोर्टर तेल की ढुलाई के लिए राजी तो हुए हैं, लेकिन अन्य शहरों में हड़ताल के कारण वह सफल नहीं हो सकेंगे। मंगलवार को प्रदेश की मंडियों में सब्जियों के दाम बढ़ने शुरू हो गए हैं। हड़ताल के चलते मंगलवार बाद दोपहर आने वाली सब्जी नहीं आई, जिसके चलते अब बुधवार को सब्जियाें के दाम बढ़ने तय हैं। ज्यादातर दुकानदारों ने सब्जी को स्टॉक कर लिया है।

इस बीच केंद्र सरकार के हिट एंड रन कानून के विरोध में पंजाब रोडवेज, पनबस व पीआरटीसी कॉन्ट्रेक्ट वर्कर भी आ गए हैं। बुधवार को पनबस व पीआरटीसी की 3300 बसों के पहिए भी सुबह 11 बजे से 1 बजे तक रुक जाएंगे। इस दौरान मुलाजिम बसें खड़ी कर प्रदर्शन करेंगे और केंद्र सरकार के पुतले जलाएंगे। हालांकि, बस डिपो में सरकार के पास 3-4 दिन का तेल शेष है। हड़ताल लंबी चली तो बसों के संचालन में दिक्कत आ सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनीत

   

सम्बंधित खबर