राजगढ़ः अंजनीलाल धाम पर भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र का मंचन आज रात

राजगढ़, 20 जनवरी (हि.स.)। श्रीअंजनीलाल मंदिर धाम पर शनिवार से अयोध्या के प्रख्यात कलाकारों की अद्भुत प्रतिभा को देख जनमानस प्रभावित हुए बिना नही रहेगा, श्रीराम उत्सव के अवसर पर जिले में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन को लेकर उत्साह का माहौल है। अयोध्या के करीब 18 से 20 कलाकारों का ब्यावरा नगर में शुक्रवार रात आगमन हो गया है। यह कलाकार भगवान श्रीराम के चरित्र का जीवंत चित्रण कर सभी को भावविभोर करेंगे।

ट्रस्ट परिवार के अनुसार यह आयोजन अपने आप में अद्भुत और अद्वितीय होगा, इसमें श्रीराम के कुछ विशेष प्रसंगों का कलाकार अपने जीवंत अभिनय से जनमानस के समक्ष श्री राम को अपने बीच होने का एहसास कराएंगे। आयोजन में 20 व 21 जनवरी को रात्रि 8 बजे 10.30 बजे तक एक फिल्म की तरह भगवान राम के जन्म से लेकर राज्याभिषेक तक के जीवन चरित्र का सजीव चित्रण किया जाएगा। 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे श्रीराम दरबार की महाआरती के साथ भगवान श्री राम के राज्याभिषेक की सुंदर झांकी और शानदार प्रस्तुति दी जायेगी।

अयोध्या में भगवान श्री राम के नवनिर्मित मंदिर में होने जा रहे प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर समाज में अपार उत्साह,उमंग और श्रद्धा, भक्ति भाव का माहौल देखने को मिल रहा है, इसी बीच श्री अंजनीलाल मंदिर ट्रस्ट परिवार भी मंदिर धाम पर एक अद्भुत और अद्वितीय आयोजन कर रहा है। आयोजन में अयोध्या के प्रख्यात कलाकार भगवान श्री राम के विशेष प्रसंगों का सजीव चित्रण करेंगे। सामान्यतः रामलीला में हमें कलाकारों की सुंदर प्रस्तुति देखने को मिलती है लेकिन इस आयोजन में मात्र दो दिनों में सारगर्भित रूप से कलाकार राममय प्रस्तुति के साथ समूचे माहौल को राममय बनाएंगे। इस आयोजन में महिलाओं, बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ मनोज पाठक

   

सम्बंधित खबर