17 मुस्लिम भक्त कर रहे रामलला की झांकी का निर्माण, बोले- मन प्रफुल्लित

17 मुस्लिम भक्त कर रहे रामलला की झांकी का निर्माण, बोले- मन प्रफुल्लित 17 मुस्लिम भक्त कर रहे रामलला की झांकी का निर्माण, बोले- मन प्रफुल्लित 

- सामाजिक समरसता का संदेश देगी भव्य श्रीराम मंदिर झांकी

- भगवान राम के जीवन पर आधारित प्रसंग की झांकी होगी खास

- गणतंत्र दिवस परेड में दर्शन देंगे अखंड ब्रह्माण्ड के नायक श्रीरामलला

लखनऊ, 24 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल झांकियों में इस वर्ष आकर्षण का केंद्र अखंड ब्रह्माण्ड के नायक रामलला ही होंगे। लोग प्रभु श्रीराम के बाल स्वरूप के दर्शन कर सकेंगे। साथ ही भगवान राम के जीवन पर आधारित प्रसंग की झांकी भी एक बार फिर खास होगी। वहीं भव्य श्रीराम मंदिर झांकी सामाजिक समरसता का संदेश देगी। भव्य झांकी को आकार देने में जुटे मुस्लिम कलाकारों का कहना है कि श्रीराम मंदिर की झांकी का निर्माण कर मन प्रफुल्लित है।

गणतंत्र दिवस परेड की तैयारी भव्यता के साथ शुरू कर दी गई है, 25 जनवरी रात तक सभी झांकियां तैयार कर दी जाएगी। इस बार का लखनऊ का परेड बेहद खास होने जा रहा है। दरअसल, इस बार लखनऊ के मुस्लिम कारीगर भव्य श्रीराम मंदिर पर आधारित झांकियां बना रहे हैं। साथ ही रामलला के जीवन पर आधारित प्रसंग पर भी झांकियां बनाई जानी है। झांकियां बनाने वाले मुस्लिम कारीगर अपने आप को सौभाग्यशाली बता रहे हैं। यह झांकी राजभवन तक जाती है।

बेहद भव्य होगा इस बार का परेड

गणतंत्र दिवस पर इस बार का परेड बेहद भव्य होगा। लिहाजा हर छोटी-छोटी चीजों को बड़ी ही बारीकी से भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। लखनऊ के चारबाग स्टेशन के पास करीब आधा किलोमीटर तक सड़क किनारे सभी झांकियां तैयार की जा रही है। कलाकार अपनी कला के माध्यम से श्रीराम मंदिर की अद्भुत और अलौकिक झलक दिखाएंगे।

झांकी को भव्य स्वरूप देने में जुटे 17 मुस्लिम कलाकार

लखनऊ के आर्टिस्ट पखरूद्दीन खान की देखरेख में कुल 17 मुस्लिम कारीगर गणतंत्र दिवस पर निकलने वाली श्रीराम मंदिर की झांकी बना रहे हैं। पखरूद्दीन वर्ष 1952 से अपनी कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। कलाकारों की टीम के पेंटर मोसिन भाई पेंटिंग के माध्यम से अपन कला का प्रदर्शन करेंगे और श्रीरामलला की झांकी की सुंदरता को चार चांद लगाएंगे। आर्टिस्ट अमन खान बताते हैं, गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों में श्रीराम मंदिर की झांकी मुख्य होगी। झांकी में रथ पर आगे कमल है, कमल पर रामलला हैं, पीछे तीन मंजिला भवन भवन के ऊपर गुम्बद है। कुल मिलाकर ये झांकी राम मंदिर का साक्षात स्वरूप होगा।

75वां गणतंत्र दिवस विकसित भारत, नारी शक्ति व आत्मनिर्भरता पर केंद्रित

भारत 26 जनवरी को 75वां गणतंत्र दिवस मनाने जा रहा है। गणतंत्र दिवस की परेड का अलग ही नजारा होता है। 75वां गणतंत्र दिवस परेड विकसित भारत, नारी शक्ति और आत्मनिर्भरता पर केंद्रित होगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस की परेड में लखनऊ की झांकी राममय नजर आएगी।

लखनऊ में दिखेगी अयोध्या की विरासत

श्रीराम मंदिर उद्घाटन के बाद भक्तों का उत्साह चरम पर है। ऐसे में गणतंत्र दिवस परेड की झांकियों में अयोध्या की विरासत देखने को मिलेगी। रामलला को दर्शाने वाली मूर्तियां झांकियों के आकर्षण का केंद्र होंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/दीपक/राजेश

   

सम्बंधित खबर