झाबुआ; भारत पर्व पर दी जाएगी बुन्देली देशभक्ति गीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति

झाबुआ, 24 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के अंतर्गत जहां बुन्देली देशभक्ति गीत एवं लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएगी, वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिकों के हित में संसद द्वारा पारित किए गए नए कानूनों की जानकारी पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

आयोजन के संबंध में दी गई जानकारी में प्रभारी जिला जन संपर्क अधिकारी रवि मौर्य ने बुधवार को बताया कि प्रमुख सचिव मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग के निर्देशानुसार 26 जनवरी 2024 को गणतंत्र दिवस की संध्या पर लोकतंत्र के लोक उत्सव भारत पर्व का आयोजन जिला मुख्यालय स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में सांय 6 से 7 बजे तक किया जाएगा। आयोजित कार्यक्रम में बुन्देली देशभक्ति गीत की प्रस्तुति बलराम पुरोहित भोपाल एवं लोक नृत्य की प्रस्तुति सुश्री प्रज्ञा गढ़वाल उज्जैन द्वारा प्रस्तुत की जाएगी, इसके साथ ही जिला जनसंपर्क विभाग द्वारा भारत पर्व कार्यक्रम के अंतर्गत शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिकों के हित में संसद द्वारा पारित किये गये तीन नये कानून संबंधी जानकारी पर आधारित प्रदर्शनी भी प्रदर्शित की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा/मुकेश

   

सम्बंधित खबर