जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने का फैसला अत्यंत ही हर्ष का विषय : मनोज राय

कटिहार, 24 जनवरी (हि.स.)। केंद्र सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर के जन्मशताब्दी वर्ष के पूर्व संध्या पर भारत रत्न दिए जाने की घोषणा की है। इस सम्मान के लिए कटिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जिला अध्यक्ष मनोज राय ने सभी बिहारवासियों की ओर से नरेंद्र मोदी सरकार का आभार वयक्त किया। मनोज राय ने कहा कि भाजपा पिछड़े एवं वंचित समाज के नायकों का सम्मान हमेशा से करती आ रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की भूमि के वीर सपूत जननायक कर्पूरी ठाकुर ने देश की स्वतंत्रता से लेकर स्वतंत्रता के बाद तक, एक सर्वसमावेशी शासन-व्यवस्था बनाने के लिए लंबा संघर्ष किया। वे जीवनपर्यन्त पिछड़ों, दलितों, गरीबों और किसानों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए समर्पित रहे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा कर्पूरी ठाकुर के जन्म शताब्दी वर्ष पर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का निर्णय उनके अथक संघर्षों को सच्ची श्रद्धांजलि है। इस निर्णय से युवा पीढ़ी कर्पूरी बाबू के विशाल योगदान को जान पाएगी।

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर भारत रत्न से सम्मानित करने पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, विधान पार्षद अशोक कुमार अग्रवाल, प्राणपुर विधायक निशा सिंह, कोढा विधायक कविता पासवान, महापौर उषा देवी अग्रवाल, पूर्व सांसद निखिल कुमार चौधरी सहित जिला एवं मंडल एवं बुथ स्तर के जिला भर के कार्यकर्ताओं ने भारत सरकार व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार/विनोद/चंदा

   

सम्बंधित खबर