भाजपा कार्यकर्ताओं ने देशभक्ति के साथ मनाया 75वां गणतंत्र दिवस, पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने फहराया तिरंगा
- Admin Admin
- Jan 26, 2024
कठुआ 26 जनवरी (हि.स.)। जिलाभर में जगह-जगह 75वां गणतंत्र दिवस समारोह देशभक्ति के जोश, धूमधाम और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने 75वें गणतंत्र दिवस पर पीआरओ कार्यालय कठुआ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। जिसके बाद राष्ट्रगान गाया गया।
पूर्व मंत्री राजीव जसरोटिया ने जिला वासियों को बधाई देते हुए कहा कि इस दिन का बहुत महत्व है क्योंकि इसी दिन भारत धर्मनिरपेक्ष, संप्रभु, समाजवादी और लोकतांत्रिक गणराज्य बना था। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि विविधता और संयुक्त भारत हमारे संविधान की सच्ची प्रकृति और ताकत को दर्शाता है। जसरोटिया ने कहा कि आज ही के दिन 26 जनवरी 1950 को हमारा संविधान अस्तित्व में आया था। उन्होंने जनता को स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान करने और देश के विकास के लिए काम करने की सलाह दी। उन्होंने कठुआवासियों से अपील की कि भारत का नागरिक होने के नाते राष्ट्र हित के लिए काम करना और प्रधानमंत्री के 2047 के दृष्टिकोण में योगदान देना हमारा मौलिक कर्तव्य बनता है। इस समारोह के दौरान पूर्व पार्षद संजीव वैद, सरदारी सिंह, आशोक जसरोटिया, विद्या सागर, अनिरुद्ध शर्मा, अजय चौधरी, सुषमा शर्मा, विशाल परिहार, विकास गुप्ता, उपदेश अंडोत्रा, इंदू रेखा, ज्ञान सिंह सहित अन्य भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान/समाचार/सचिन//बलवान