प्रशासनिक अकादमी में सेवा देंगी डॉ. मंजू पांडे

हल्द्वानी, 03 जनवरी (हि.स.)। तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित वरिष्ठ साहित्यकार और शिक्षिका डॉ. मंजू पांडे उदिता ने विशेष संदर्भदाता के रूप में चयन होने के बाद आरएस टोलिया प्रशासन अकादमी नैनीताल में सेवाएं देनी शुरू कर दीं हैं।

अकादमी में प्रशिक्षण के माध्यम से वह अपने ज्ञान और अनुभवों का लाभ प्रशिक्षणार्थियों तक पहुंचा रही हैं। वह प्रशिक्षणार्थियों को उत्कृष्ट कार्य करने की दिशा में भी प्रेरित कर रही हैं। साहित्य के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ख्याति प्राप्त करने वाली डॉ. मंजू पांडे को इस साल उत्तराखंड सरकार की तरफ से महिलाओं के प्रतिष्ठित सम्मान तीलू रौतेली पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। शिक्षिका के तौर पर शिक्षा के क्षेत्र में बेहतरीन योगदान देने के लिए उन्हें 2011 में प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है।

डॉ मंजू ने परिश्रम और लगन से ये उपलब्धियां हासिल की। इससे पहले वह उन्होंने प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन में भी रिसोर्स पर्सन के रूप में राष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण में अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। अब तक 6 पुस्तकें लिखने के अलावा डॉ. मंजू पांडे उदिता 24 पुस्तकों के लेखन में भी अपना योगदान दे चुकी हैं। इन पुस्तकों में प्राथमिक पाठ्यक्रम से लेकर यूनिवर्सिटी स्तर तक की पुस्तकें तथा प्रधानमंत्री की स्वच्छता अभियान से संबंधित राष्ट्रीय महत्व की पुस्तकें शामिल हैं।

डॉ. मंजू भारत के अलावा विदेशों में भी साहित्यिक उपलब्धियां हासिल कर चुकी हैं। श्रीलंका, क्राबी, थाईलैंड, मॉरिशस, मलेशिया, नेपाल, अंडमान आदि देशों में साहित्यिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेकर वह कई पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। उनकी उपलब्धि पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों और शिक्षकों ने हर्ष जताया है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनुपम गुप्ता/रामानुज

   

सम्बंधित खबर