ग्वालियर: बादलों की वजह से ठंड के तेवर हुए नरम

ग्वालियर, 30 जनवरी (हि.स.)। बादलों की वजह से ठंड के तेवर कुछ नरम हो गए हैं। पिछले तीन दिन से न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। अधिकतम तापमान भी सामान्य स्तर पर बना हुआ है। मौसम के जानकारों की मानें तो फरवरी के प्रारंभिक दिनों में ग्वालियर-चंबल संभाग में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।

बादल, बारिश, कोहरा, शीतलहर के चलते ग्वालियर-चम्बल के लोगों को जनवरी के पहले दिन से भीषण ठंड का सामना करना पड़ा। इस दौरान न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक चला गया था, लेकिन हिमालय में एक के बाद एक आ रहे पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पिछले तीन दिन से हवाओं का रुख बदल गया है। साथ ही बादल भी छाए हुए हैं। बादल बिखरे होने से दिन में गुनगुनी धूप भी निकल रही है। जिससे ठंड के तेवर नरम बने हुए हैं। सुबह-शाम और रात में भी शीतलहर का प्रकोप नहीं है।

स्थानीय मौसम विज्ञानी हुकुम सिंह ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान में मौजूद है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में चक्रवात बना हुआ है। एक और पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान के पास मौजूद है जो तीन फरवरी को उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से ग्वालियर-चम्बल में फिलहाल बादल छाए रहेंगे। सुबह मध्यम कोहरा भी पड़ सकता है। फरवरी के प्रारंभिक दिनों में संभाग में कहीं-कहीं बारिश भी हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव समाप्त होने के बाद तीव्र ठंड का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

स्थानीय मौसम विज्ञान केन्द्र के अनुसार पिछले दिन की तुलना में मंगलवार को अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि के साथ 24.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 0.3 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो औसत से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मंगलवार सुबह हवा में नमी 95 और शाम को 70 प्रतिशत दर्ज की गई।

हिन्दुस्थान समाचार/शरद

   

सम्बंधित खबर