जिस शेख शाहजहां को ढूंढ नहीं पा रही पुलिस, उसने वीडियो जारी कर कहा : मैं भी लूंगा बदला
- Admin Admin
- Jan 30, 2024
कोलकाता, 30 जनवरी (हि.स.)। राशन वितरण भ्रष्टाचार के मामले में छापेमारी करने गई ईडी की टीम पर हमले का मास्टरमाइंड तृणमूल नेता शेख शाहजहां पुलिस की इंटेलिजेंस व्यवस्था को मुंह चिढ़ा रहा है। गत पांच जनवरी को केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों पर हमले के बाद 25 दिन बीत गए हैं लेकिन वह पुलिस के हाथ नहीं लगा है। इसके बावजूद वह लगातार अपना संदेश लोगों तक पहुंचा रहा है।
शाहजहां का अब एक वीडियो सामने आया है जिसमें उसने केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों को एक बार फिर धमकी दी है। अपने नए वीडियो में उसने कहा है कि वह अपने खिलाफ बदले की कार्रवाई का बदला लेगा। उसने आरोप लगाया है कि केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने राजनीतिक बदले के लिए उसके घर पर छापेमारी की और जबरदस्ती घर में घुसने की कोशिश की। उसने सरेआम चेतावनी देते हुए कहा है कि इसका परिणाम भुगतना होगा। उसने कहा है कि अब मैं भी बदला लूंगा। मैं केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों से नहीं डरता क्योंकि मेरे साथ आम लोगों का समर्थन है।
शाहजहां के इस वीडियो के बारे में उत्तर 24 परगना के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई लेकिन किसी ने भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा