अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव में बेईमानी का लगाया आरोप

मैनपुरी, 31 जनवरी (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को मैनपुरी जनपद के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में जो चंडीगढ़ का चुनाव हमने-आपने देखा, जिसमें आरोप लगा है कि वोट जो डाले गए उनको खराब करने का काम भी अधिकारियों ने किया। उत्तर प्रदेश के चुनाव में देखा था किस तरीके से बेईमानी भाजपा ने की, बेईमानी इस स्तर पर होगी तो लोकतंत्र कहां सुरक्षित है?

अखिलेश ने कहा कि अधिकारी लूट रहे हैं। मुख्यमंत्री खुद स्वीकार कर रहे हैं कि गोरखपुर में बहुत भूमाफिया आ गए हैं। जो भूमाफिया हैं भाजपा में बहुत पनप रहे हैं। कोई जिला ऐसा नहीं बचा जहां पर बड़े पैमाने पर भूमाफिया काम ना कर रहे हों।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत अगर आप बनाना चाहते हैं तो विकसित देशों की हम कुछ नकल करें। अमेरिका जैसा देश ये आजादी देता है कि आप कैसे वोट डाले, जर्मनी बैलट से वोट डाल रहा है, जापान जहां ईवीएम बनी वह बैलट से वोट डाल रहा है। आपके देश में बैलट से वोट क्यों नहीं?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि यह कार्यवाहक कानून व्यवस्था है। इसीलिए जो जीरो टॉलरेंस का नारा देते हैं, कानून व्यवस्था जीरो हो गई है। एनसीआरबी का आंकड़ा देखें तो महिलाएं सबसे ज्यादा पीड़ित, दुखी हैं। अखिलेश यादव ने किसानों की आत्महत्या को लेकर भी सरकार को निशाने पर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार/मोहित/दीपक/आकाश

   

सम्बंधित खबर