महिलाओं की गिरती जनसंख्या में सुधार लाना जरूरी: सिविल सर्जन

खूंटी, 31 जनवरी (हि.स.)। जिले में 24 से 31 जनवरी तक राष्ट्रीय बालिका दिवस कार्यक्रम के तहत बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित हुए, इनमें रंगोली व चित्रांकन की विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।

अभियान के तहत सहियाओं के द्वारा रैली निकाली गई। मौके पर जिले के सिविल सर्जन डॉ नागेश्वर मांझी ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत में निरंतर घट रही महिलाओं की जनसंख्या के अनुपात को संतुलित करने के साथ ही उनके अधिकारों की पूर्ति करना है। भारतीय संविधान द्वारा महिलाओं को प्रदत्त अधिकार जैसे शिक्षा का अधिकार, समान सेवा का अधिकार तथा सम्मान के साथ जीने के अधिकार को सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की गिरती जनसंख्या में सुधार लाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि 24 दिसंबर से लेकर 30 दिसंबर के बीच जिले में 22 लड़कियों का जन्म हुआ है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत बेटियों को एक नई प्रतिभा का विकास एवं बेटियों की शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का संचार बहुत तेजी से हो रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/अनिल

   

सम्बंधित खबर