विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया

—स्वागत गीत के लिए आई लड़कियों को शाल ओढ़ाया और फोटो भी खिचवाई

वाराणसी, 04 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने गुरूवार को विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में ग्रामीणों का दिल जीत लिया। आराजी लाइन ब्लाक के ग्राम पंचायत रामरायपुर में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री मंच पर बैठे थे। इसी दौरान संचालक ने स्वागत गीत के लिए दो बच्चियों को पुकारा। बच्चियां जैसे ही मंच पर पहुंची उप मुख्यमंत्री उठे और माइक अपने हाथ में ले लिया। उन्होंने आयोजकों से कहा कि इतनी ठंड में छोटी बच्चियों से स्वागत गीत कार्यक्रम उचित नहीं है।

इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने बच्चियों के साथ फोटो खिंचवाई। फिर अपनी गाड़ी से शाल मंगवाकर उन्हें ओढ़ाया। सिर्फ इतना ही नहीं, बल्कि उन्होंने कार्यक्रम में आए सभी बच्चों को घर जाने के लिए कहा। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के इस दरियादिली की लोगों ने जमकर सराहना की। इसे पहले एकदिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे उप मुख्यमंत्री का स्वागत भाजपा पदाधिकारियों, विधायकों और कार्यकर्ताओं ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार/श्रीधर/पदुम नारायण

   

सम्बंधित खबर