व्यापारियों और उद्योगपतियों की हितैषी है मोदी-योगी सरकार : आदेश गुप्ता

-भाजपा सरकार बनने के बाद चित्रकूट से हुआ डकैत राज का खात्मा :शानू गुप्ता

चित्रकूट,06 जनवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में चित्रकूट के होटल श्रीजी में आयोजित दो दिवसीय प्रांतीय व्यापारी महाकुंभ का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ।

इस व्यापारी महाकुंभ को दिल्ली भाजपा के निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता एवं दिल्ली विधानसभा के सभापति रामनिवास गोयल ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस मौके पर आदेश गुप्ता ने कहा कि चित्रकूट धाम में पर्यटन विकास पर दृष्टि भारत सरकार व योगी सरकार की है। चित्रकूट धाम में आयोजित यह दो दिवसीय व्यापारियों का विशाल महाकुंभ बहुत ही प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार व्यापारियों उद्योगपतियों के लिए सरल और नए आयाम ला रही है। ई कॉमर्स से व्यापारियों को हो रही समस्याओं के विषय पर भारत सरकार के प्रतिनिधियों से वार्ता की जाएगी। भारत का कर्णधार देश का व्यापारी है।

विशिष्ट अतिथि बाल संरक्षण आयोग की सदस्य अनीता अग्रवाल रहीं। वहीं दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष रामनिवास गोयल ने कहा कि दिल्ली प्रदेश में व्यापारियों उद्यमियों की हर संभव मदद सरकार कर रही है। उद्योग व्यापार व रोजगार स्वास्थ्य पर सरकार ने विशेष ध्यान दिया है।

कार्यक्रम संयोजक राष्ट्रीय महामंत्री संगठन शानू गुप्ता ने कहा कि एक समय था चित्रकूट में डकैतों के भय से शाम ढलते ही व्यापारियों की दुकानों में ताले लग जाते थे। उत्तर प्रदेश में जबसे भाजपा सरकार आयी है रामराज्य कायम हुआ है। चित्रकूट डकैतों से मुक्त हो गया है और व्यापारी भयमुक्त होकर अपना व्यापार कर रहे हैं।

शानू गुप्ता ने कहा कि कोरोना की मार से व्यापारी टूट चुके हैं। छोटे व्यापारियों का दो लाख तक का ऋण माफ किया जाए। राहत कोष के गठन से संबंधित पत्र सरकार के जनप्रतिनिधियों को सौंपा। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय प्रांतीय व्यापारी महाकुंभ की शुरुआत आज व्यापारियों का शंखनाद है। बताया कि 7 जनवरी को उद्योगपतियों व्यापारियों व भामाशाहों का महा आगाज होगा। वहीं संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित गुप्ता ने कहा कि सरकार जीएसटी का सरलीकरण करें। अधिकारी से लेकर वकील तक जीएसटी को कोई समझ नहीं पा रहा है। प्रथम दिवस पर प्रदेश कार्यसमिति का अधिष्ठापन कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।

इस मौके पर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल,राष्ट्रीय संगठन मंत्री अजीत सिंह बग्गा,स्वप्निल अग्रवाल,अर्पित अग्रवाल,संरक्षक अशोक गुप्ता,जिलाध्यक्ष प्रमोद जायसवाल,प्रदेश संगठन मंत्री विनोद केसरवानी,विनोद आर्य,मण्डल महामंत्री युवा शेशू जायसवाल,कोषाध्यक्ष सुनील जायसवाल,महिला जिलाध्यक्ष शकुन्तला गुप्ता समेत हजारों व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/रतन/राजेश

   

सम्बंधित खबर