श्रीराम की शोभा यात्रा में उमड़े श्रद्धालुओं का जगह-जगह हुआ स्वागत

जौनपुर, 07 जनवरी (हि.स.)। अयोध्या में प्रभु श्रीराम लला की प्राण प्रतिष्ठा के पहले हर घर अक्षत महा अभियान कार्य्रकम के तहत रविवार को विशाल शोभायात्रा निकाली गई। सिकरारा क्षेत्र के खानापट्टी स्थित श्रीराधा कृष्ण मंदिर प्रांगण से निकली शोभा यात्रा का राम रथ सिकरारा चौराहा होते हुए गुलजार गंज बाजार स्थित रामलीला मैदान प्रांगण में पहुंचा। यहां जय श्रीराम के उद्घोष के साथ शोभा यात्र का समापन हुआ।

यहां पर आयोजित संगोष्ठी में सिकरारा खंड के सह खंड संघ चालक ओमकार ने कहा कि श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम 22 जनवरी को अयोध्या धाम पर होना सुनिश्चित है। इस शुभ एवं ऐतिहासिक अवसर पर सभी हिन्दू परिवारों में दीपोत्सव जैसा उत्सव मनाया जाए। साथ ही साथ दिन में 11 बजे से 1 बजे तक प्रत्येक गांव में स्थित मंदिरों को सजाते हुए सुंदरकांड, हनुमान चालीसा आदि मंत्रों का जाप किया जाए। यह शुभ अवसर हिन्दुओं के लिए पांच सौ वर्षों के लम्बे संघर्ष के बाद मिला है। राम इस राष्ट्र की आत्मा है। जैसे बिना आत्मा के शरीर निष्प्राण हो जाता है, ठीक उसी प्रकार राम बिना राष्ट्र अधूरा है। यह शोभा यात्रा विश्व हिन्दू परिषद के तत्वाधान में निकाली गई। विश्व हिन्दू परिषद के प्रखण्ड अध्यक्ष एवं इस कार्यक्रम के संयोजक अश्वनी उपाध्याय, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, अरविंद सिंह, जितेंद्र उपाध्याय, विनोद सिंह, बजरंग दल संयोजक शिवम अग्रहरी, राजू यादव आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/विश्व प्रकाश/दिलीप

   

सम्बंधित खबर