स्वस्थ लोकतंत्र में मीडिया एक महत्वपूर्ण साधन : भाजपा

जम्मू, 8 जनवरी (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मीडिया विभाग ने प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संबंधित मीडिया विभाग के कामकाज पर चर्चा और समीक्षा करने के लिए पार्टी मुख्यालय, त्रिकुटा नगर, जम्मू में एक समीक्षा बैठक की। बैठक को मुख्य रूप से भाजपा के मुख्य प्रवक्ता सुनील सेठी ने संबोधित किया तथा संचालन मीडिया विभाग प्रभारी डॉ. प्रदीप महोत्रा ने किया।उनके साथ अनिल गुप्ता, अरुण गुप्ता, गिरधारी लाल रैना, रजनी सेठी, अल्ताफ ठाकुर, पूर्णिमा शर्मा, डॉ. दरख्शां अंद्राबी, समेत अन्य नेता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान मीडिया विभाग के रोजमर्रा के कामकाज से संबंधित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में स्वस्थ लोकतंत्र के साधन के रूप में मीडिया के महत्व पर जोर देते हुए सभी से कहा गया कि लोकसभा चुनाव को देखते हुए मीडिया विभाग को सक्रियता से काम करना होगा। इस बात पर भी जोर दिया गया कि पार्टी के विचारों और नीतियों को सामने रखना पार्टी प्रवक्ताओं का मुख्य कर्तव्य है, इसलिए उन्हें लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार और सक्रिय रूप से खुद को शामिल करना चाहिए।

सभी पार्टी प्रवक्ताओं ने केंद्र शासित प्रदेश में प्रचलित वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य पर विस्तार से चर्चा की और जम्मू-कश्मीर के सामाजिक और राजनीतिक मामलों को उजागर करने की रणनीति तैयार की।

हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/बलवान

   

सम्बंधित खबर