झाबुआ; गणतंत्र दिवस पर किया जाएगा भारत पर्व का आयोजन

झाबुआ, 9 जनवरी (हि.स.)। गणतंत्र दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन एवं जन सम्पर्क विभाग के सहयोग से जिला मुख्यालय में भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। आयोजित समारोह के तहत मध्यप्रदेश के पारम्परिक लोक रूचि के गायन ओर वादन के साथ ही जनजातीय समुदाय के लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी।

आयोजन के संबंध में जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी एवं प्रभारी सहायक संचालक, जन संपर्क झाबुआ, वीणा रावत ने बताया कि संस्कृति विभाग द्वारा जनसम्पर्क विभाग तथा जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित किए जाने वाले लोक उत्सव- भारत पर्व के अंतर्गत मध्यप्रदेश के पारम्परिक रूप से लोक रूचि के गायन भक्ति, सुराज ओर आजादी के गान, कवि सम्मेलन, संगीत और जनजाति एव लोक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

भारत पर्व के अवसर पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी जिला जनसम्पर्क कार्यालय द्वारा प्रदर्शनी लगाई जाएगी एवं जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, समाजसेवी, लेखक, साहित्यकार, कलाकार एवं गणमान्य नागरिकों तथा लोकतंत्र सेनानियों को आमंत्रित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. उमेशचन्द्र शर्मा

   

सम्बंधित खबर