पंजाब सहकारी बैंक के लिए चयनित 520 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री ने सौंपे नियुक्ति पत्र

रंगला पंजाब’ बनाने के लिए संजीदा प्रयास कर रही सरकार: मान

चंडीगढ़, 9 जनवरी (हि.स.)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मंगलवार को पंजाब राज्य सहकारी बैंक में नए भर्ती हुए 520 क्लर्कों-कम-डेटा एंट्री ऑपरेटरों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

चंडीगढ़ में नियुक्ति पत्र सौंपने के बाद नौजवानों से मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का यह नियुक्तिपत्र वितरण समारोह उनकी सरकार का पहला समारोह नहीं है, क्योंकि राज्य सरकार अब तक ऐसे कई समारोह करके 40 हजार से अधिक नौजवानों को सरकारी नौकरियों के लिए नियुक्ति पत्र बांट चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पंजाब की पुरातन शान बहाल करके फिर ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए संजीदा प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि राज्य के लगभग हरेक दूसरे गांव को महान गुरु साहिबान की चरण स्पर्श प्राप्त हैं और पंजाब की धरती ने बहादुर पुत्र पैदा किए हैं, जिन्होंने अपने मुल्क की ख़ातिर अपना जीवन कुर्बान कर दिया।

भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाबियों के इस जज़्बे का लाभ राज्य की तरक्की और ख़ुशहाली के लिए भी उठाया जा सकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहादुर और समर्पित भावना वाले पंजाबियों ने देश को ब्रिटिश हुकूमत की ग़ुलामी से मुक्त करवाने के लिए बेमिसाल बलिदान दिए हैं। उन्होंने कहा कि बदकिस्मति से उनसे पहले मुख्यमंत्रियों को कभी भी राज्य की चिंता नहीं होती थी, बल्कि उनको अपने निजी हितों का फिक्र अधिक होता था। भगवंत सिंह मान ने कहा कि हरेक मुद्दे को लेकर राज्य द्वारा नकार दिए गए राजनीतिक नेता उनकी रोज निंदा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब ने एक निजी कंपनी जी.वी.के. पावर की मल्कीयत वाला गोइन्दवाल पावर प्लांट 1080 करोड़ रुपये की लागत के साथ खरीद कर इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि अब पहली बार उल्टा रुझान शुरू हुआ है कि सरकार ने कोई प्राइवेट पावर प्लांट खरीदा है, जबकि पहले राज्य सरकारें सरकारी जायदादें पसंदीदा व्यक्तियों को ‘कौड़ी’ के भाव बेचती थी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि पछवाड़ा कोयला खदान से निकलने वाले कोयले का प्रयोग सरकारी पावर प्लांटों के लिए ही किया जा सकता है, जिस कारण इस पावर प्लांट की खरीद से इस कोयले का प्रयोग राज्य के हरेक सेक्टर के लिए बिजली पैदा करने के लिए किया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब अस्पतालों और स्कूलों में मुकम्मल तौर पर बदलाव देखने को मिल रहा है और आम आदमी की भलाई के लिए नए मेडिकल कॉलेज बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह फ़ैसले उन लोगों द्वारा ही लिए जा रहे हैं जो ज़मीनी स्तर पर लोगों की समस्याओं से अवगत हैं। भगवंत सिंह मान ने कहा कि रिवायती राजनीतिक पार्टियों ने राज्य को बर्बाद कर दिया है और अब वह निर्लज होकर नैतिकता की बातें कर रही हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील

   

सम्बंधित खबर