भोपाल: वार्ड 41 के उपचुनाव में 2620 वोटों से जीते भाजपा के रेहान सिद्दीकी

भोपाल, 9 जनवरी (हि.स.)। राजधानी के वार्ड-41 के पार्षद पद के लिए हुए उप चुनाव में बीजेपी के रेहान सिद्दिकी ने 2620 वोटों से जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 4873 वोट मिले। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के मो. फहीम रहे, जिन्हें 2253 मत प्राप्त हुए। इस तरह डॉ. सिद्धीकी ने 2620 वोटों से जीत हासिल कर ली। यह सीट जीतने के बाद अब निगम के बीजेपी के 59 पार्षद हो गए हैं, जबकि कांग्रेस के 20 और 5 निर्दलीय पार्षद हैं।

नगर निगम के एक पार्षद और जिले के कुल 355 पंच पदों के लिए 5 जनवरी को वोटिंग हुई थी। पार्षद पद के लिए 45% से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले थे। बीजेपी-कांग्रेस के साथ आम आदमी पार्टी भी पार्षद चुनाव में मैदान में रही। आम आदमी पार्टी से असद अली, कांग्रेस से मो. फहीम, बीजेपी से डॉ. रेहान सिद्दिकी, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन से तौकीर अहमद निजामी के साथ ही निर्दलीय कैंडिडेट के रूप में अहमद अकबर खान, अलीमउद्दीन कुरैशी, काजी आसिफ, मो. अजहर मियां और मो. कलीम खां मैदान में थे। इनमें से डॉ. सिद्धीकी ने जीत हासिल की। उनकी जीत की घोषणा होते ही समर्थक झूम उठे। मंत्री विश्वास सारंग और महापौर मालती राय भी मतगणना स्थल पर पहुंचे। मंत्री सारंग की मौजूदगी में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने जीते कैंडिडेट डॉ. सिद्धीकी को सर्टिफिकेट दिया।

हिन्दुस्थान समाचार/ केशव दुबे/मुकेश

   

सम्बंधित खबर