लोगों की समस्याओं का धरातल पर समाधान, 2024 का चुनाव स्वाभिमान का : पूनिया

जोधपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनियां ने कहा कि पिछले दस सालों में लोगों की समस्याओं का धरातल पर समाधान हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्राथमिकता महिलाओं की सुरक्षा और भौतिक विकास रहा है। इस साल का चुनाव स्वाभिमान का चुनाव है। वे गुरुवार को जोधपुर प्रवास पर पहुंचे और मीडिया से बातचीत की।

पूनियां ने कहा कि वर्ष 2014 का चुनाव परिवर्तन का था, 2019 को भरोसे का, अब 2024 का चुनाव स्वाभिमान का है। पिछले दस सालों में मोदी सरकार ने धरातल पर रहकर लोगों की समस्याओं को दूर किया है। चुनावी वादे पूरे किए जाने के साथ विकास हुआ है। इस बार भी जनता उनको विश्वास मेें लेकर जिताएगी।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष पूनियां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मोदीजी की प्राथमिकता रही कि महिलाएं सुरक्षित रहे और आत्मनिर्भर बनें। इसके लिए उनका फोकस महिलाओं को लेकर रहा। उन्होंने कहा कि चाहे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी हो या मोदी, राजस्थान में स्व. भैरोसिंह शेखावत या फिर कि वसुंधरा राजे की सरकार रही हो सभी ने लोगों की समस्याओं का हल किया और धरातल पर रह कर कार्य किया है। अब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार भी धरातल पर है।

पूनियां ने बताया कि पहले उत्तरप्रदेश के लिए कहा जाता था कि महिलाएं सुरक्षित नहीं है, मगर योगीजी ने ना सिर्फ महिलाओं को सुरक्षित किया बल्कि भौतिक रूप से भी सोचा। आज राजस्थान सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एंटी रोमियो स्क्वायड बनाया है तो पेपर लीक के लिए एसआईटी गठित की है। सरकार अभी बनी है धीरे- धीरे कार्य सामने आएगा।

मीडिया से बातचीत करते हुए पूनिया ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के शासन में वादें पूरे नहीं हुए लोगों को आश्वसन ही मिला। जिसका जवाब जनता ने उन्हें दे दिया। महिला अपराध बढऩे के साथ पेपर लीक की घटनाओं से जनता ने पूर्व सरकार को अनदेखा कर दिया।

भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया के जोधपुर पहुंचने पर यहां सर्किट हाउस में कई बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

हिन्दुस्थान समाचार/सतीश/संदीप

   

सम्बंधित खबर