भितरघातियों पर जमकर बरसे विधायक घोघरा, कहा पार्टी की हार के जिम्मेदारों को दिखाएं बाहर का रास्ता

डूंगरपुर, 01 फरवरी (हि.स.)। विधानसभा चुनावों मे जिले में कांग्रेस के शर्मनाक प्रदर्शन के बाद आखिरकार लोकसभा चुनावों को लेकर पार्टी की एक बैठक पर्यवेक्षकों के सानिध्य में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी में आयोजित हुई। डूंगरपुर से दुबारा चुने गये विधायक गणेश घोघरा ने पार्टी की हार के लिए भितरघातियों पर तीखे तेवर प्रहार करते हुए तत्काल ऐसे में कार्यकर्ताओं व नेताओं को पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाने की मांग की। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए वफादार कार्यकर्ताओं को पार्टी में महत्वपूर्ण स्थान देने की बात पर जोर दिया।

कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, इलेक्शन कमेटी के मेम्बर रामपाल जाट, विधायक रोहित बोहरा की मौजूदगी में विधायक गणेश घोगरा में पिछले छह माह में जिले में कांग्रेस की बदहाल स्थिति को बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट का बटवारा होने के बाद पदाधिकारियों ने मिलकर तीन विधानसभा में हराया है। हर सीट पर कांग्रेस का बागी उम्मीदवार खड़ा हो गया था। उसे जीताने के लिए कांग्रेस के पदाधिकारियों से लेकर सदस्य ने कार्य किया। मुझे भी मेरे विधानसभा में कांग्रेस के लोगों ने हराने का कार्य किया, लेकिन लोगों के विश्वास और अशोक गहलोत की योजनाओं के दम पर मैंने जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि पिछले 70 साल से देश, राज्य और क्षेत्र का विकास कांग्रेस ने किया है। अब कांग्रेस के लोग भारत आदिवासी पार्टी से गठबंधन करने की बात कह रहे है। उन्होंने कहा कि जानबूझ कर लोग कांग्रेस को डूंगरपुर-बांसवाड़ा में कमजोर कर रहे है। कांग्रेस को पुन: जीत दिलाने के लिए हमे गद्दारों को बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पहले अपनी विधानसभा चुनाव में हार की समीक्षा करे इसमें कांग्रेस के खिलाफ काम करने वाले लोगों को बाहर निकालना होगा। उन्होंने कहा कि पांच साल में कांग्रेस में अनुशासन खत्म था। संगठन को कमजोर करने की साजिश रची गई थी इसको अब सुधारने की जरुरत है। उन्होंने कहा कि मेरे विधायक बनते ही पदाधिकारी मुझे रिमोट कंट्रोल से चलाने की कौशिश कर रहे थे। ऐसे लोगों को अब कांग्रेस से बाहर करके नए और ऊर्जावान लोगों को जोडऩे की जरुरत है। उन्होंने कहा कि बांसवाड़ा-डूंगरपुर लोकसभा चुनाव के लिए महेंद्रजीतसिंह मालवीया को आगे आना चाहिए। गत लोकसभा चुनाव में डूंगरपुर जिले से प्रत्याशी चुनाव मैदान में था। इस बार बांसवाड़ा जिले से प्रत्याशी का चयन करने की परिपाटी लागू होनी चाहिए। हम सभी मिलकर जीताने का प्रयास करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/संतोष व्यास/ईश्वर

   

सम्बंधित खबर