लोकसभा चुनाव : सीएम ने भाजपा कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र, कहा जीतेंगे सभी 25 सीट
- Admin Admin
- Feb 12, 2024
उदयपुर, 12 फ़रवरी (हि.स.)। प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं में जीत का मंत्र फूंकते हुए कहा है कि भाजपा राजस्थान की सभी 25 लोकसभा सीट जीतेगी।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी के साथ समारोह साझा करने के बाद भाजपा की संगठनात्मक बैठक में कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि आज उनके परिश्रम की पराकाष्ठा के चलते भाजपा की सरकार राज्य में स्थापित हुई। गांव-शहर-ढाणी में आज भाजपा कार्यकर्ता को अपने काम से पहचाना जाता है। उन्होंने भाजपा की कार्यशैली का वर्णन करते हुए कहा कि हमारी पार्टी लक्ष्य लेकर चलती है और उसको पूरा करती है। वर्ष 2014 के बाद में केंद्र में भाजपा शासन हुआ तब से कोई घोटाला इस देश में नहीं हुआ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वह करते हैं और करते हैं वही कहते हैं, केंद्र सरकार ने हर क्षेत्र में काम किया चाहे वह कृषि, विज्ञान, सैन्य, अंतरिक्ष, शिक्षा चिकित्सा एवं रोजगार हो। पहले आए दिन आतंकवाद की घटनाएं होती थीं उस पर केंद्र सरकार ने लगाम लगाई। प्रधानमंत्री मोदी ने देश का परिदृश्य बदल दिया। उन्होंने चुटकी ली कि लोगों ने कुर्ते पर जनेऊ पहनना चालू कर दिया।
उन्होंने कहा कि भाजपा में छोटे से छोटे कार्यकर्ता का महत्व होता है। भाजपा के कार्यकर्ता आने वाले भविष्य हैं, संगठन में कार्यकर्ताओं का कार्यों का मूल्यांकन करके उनका दायित्व दिया जाता है। उन्होंने पूर्व में वरिष्ठ नेता भाभड़ा के साथ हुई वार्ता की बात करते हुए कहा कि जनसंघ एवं भाजपा के कई वरिष्ठ नेता स्वर्गवासी हो गए, लेकिन भाभड़ा ने राम मंदिर बनते देखा, यह उनका सौभाग्य था।
बैठक के प्रारंभ में प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी दामोदर अग्रवाल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया एवं बैठक की प्रारंभिक जानकारी सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं को दी। सांसद व प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मात्र 2 महीने में कई महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक फैसले लिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नजर वास्तव में पारखी है, उन्हें यह ध्यान रहता है कि किस राज्य में किसकी जरूरत है, उसी प्रकार से वह केंद्र से योजनाएं एवं सहयोग राशि भेजते हैं।
भाजपा संभाग मीडिया प्रभारी चंचल कुमार अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, प्रताप भील, अमृतलाल मीणा, उदयलाल डांगी, जिला अध्यक्ष रवींद्र श्रीमाली, देहात जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त सिंह चौहान, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक प्रमोद सामर, प्रदेश कार्य समिति सदस्य युधिष्ठिर कुमावत, जिला प्रमुख ममता कुंवर पंवार, जिला प्रभारी बंशीलाल खटीक, इंद्रमल सेठिया, शहर जिला महामंत्री गजपाल सिंह राठौड़, किरण जैन, मनोज मेघवाल, देहात महामंत्री दीपक शर्मा, तखत सिंह शक्तावत, प्रेम सिंह शक्तावत, खूबीलाल पालीवाल सहित संभाग के जिला एवं मंडल पदाधिकारी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ सुनीता कौशल/ईश्वर