कार्यकर्ताओं पर पुलिस लाठी चार्ज से भड़की भाजपा, ममता पर बरसी

कोलकाता, 13 फरवरी (हि.स.)। उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली हिंसा और महिला के साथ हुए यौन उत्पीड़न को लेकर बवाल नहीं थम रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने इस मामले को लेकर बंगाल की ममता सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इसी क्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को सड़कों पर उतरकर अपना रोष प्रकट किया, लेकिन, पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़ दिए। इसमें कई महिला और पुरुष कार्यकर्ता जख्मी भी हुए हैं। इसे लेकर भाजपा ने ममता बनर्जी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। पार्टी की आईटी सेल के प्रमुख और बंगाल के प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो शेयर करते हुए बंगाल की ममता सरकार पर हमला बोला।

इस वीडियो में देखा जा सकता है कि बंगाल पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रही है। अमित मालवीय ने एक्स पर लिखा कि पश्चिम बंगाल में खून बह रहा है। शाहजहां शेख और उसके सहयोगी संदेशखाली की युवा विवाहित महिलाओं को कैद में रखते हैं और उनके साथ दुष्कर्म करते हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल की तानाशाह ममता बनर्जी की पुलिस ने बशीरहाट एसपी कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाई और पथराव किए। साथ ही उन पर आंसू गैस के गोले भी छोड़े गए, जिसमें भाजपा की महिला और पुरुष कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बंगाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार के नेतृत्व में यह प्रदर्शन किया गया। मालवीय ने कहा कि इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष और अन्य नेताओं को सड़क मार्ग से संदेशखाली की यात्रा करने की अनुमति नहीं दी और उन्हें वहां के लिए ट्रेन लेनी पड़ी। आरोपित शाहजहां शेख को बचाने के लिए ममता बनर्जी इतनी बेचैन क्यों हैं? वह पश्चिम बंगाल में हिंदू महिलाओं के साथ बलात्कार को क्यों बढ़ावा दे रही हैं?

उल्लेखनीय है कि संदेशखाली की महिलाओं ने तृणमूल नेता शेख शाहजहां, शिबू हाजरा और उत्तम सरदार के समर्थक अपराधी प्रवृत्ति के लोगों पर 10 सालों से महिलाओं से दुष्कर्म और अवैध तरीके से जमीन कब्जा करने का आरोप लगाया है। इसके खिलाफ मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसपी ऑफिस घेराव की योजना बनाई थी, जिसकी वजह से उन पर लाठीचार्ज हुआ है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर