भाजपा ने समर्पित कार्यकर्ताओं, सामाजिक भूमिका निभाने वालों को बनाया राज्यसभा प्रत्याशीः शर्मा

- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने चार राज्यसभा प्रत्याशियों की घोषणा पर केंद्रीय नेतृत्व को दिया धन्यवाद

भोपाल, 14 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश से राज्यसभा प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने चार ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं को अपना उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने महत्वपूर्ण सामाजिक भूमिका का भी निर्वाह किया है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को धन्यवाद देता हूं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने बुधवार को अपने बयान में सभी राज्यसभा प्रत्याशियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा प्रत्याशी के रूप में अनुसूचित जाति वर्ग से दो और पिछड़ा वर्ग से दो कार्यकर्ताओं को चुना है। पार्टी नेतृत्व ने उमेश नाथ महाराज को राज्यसभा प्रत्याशी बनाया है, जिन्होंने देश-प्रदेश में एक कार्यकर्ता के रूप में वाल्मीकि समाज के लिए काम करते हुए अपनी पहचान बनाई है। पार्टी ने तमिलनाडु के एल.मुरुगन को मध्यप्रदेश से प्रत्याशी बनाया है, जो केंद्रीय मंत्री हैं और उनके माध्यम से मध्यप्रदेश तमिलनाडु को सशक्त बनाने का काम कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार बनाए गए बंशीलाल गुर्जर पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर के कार्यकर्ता से लेकर प्रदेश महामंत्री के रूप में पार्टी संगठन को सशक्त बनाने का काम किया है। शर्मा ने कहा कि महिला सशक्तिकरण पार्टी की प्राथमिकता रही है। इसी उद्देश्य से पार्टी ने महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष माया नारोलिया को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। इसके लिए केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताता हूं और सभी प्रत्याशियों को एक बार फिर शुभकामनाएं देता हूं।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश/नेहा

   

सम्बंधित खबर