100 दिनों के काम का बकाया निपटाने के बाद पंजाब दौरे पर जाएंगी मुख्यमंत्री

कोलकाता, 14 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 100 दिन का काम के बकाए के निपटारे के बाद 21 फरवरी को पंजाब के लिए रवाना होंगी। पंजाब पहुंचकर मुख्यमंत्री स्वर्ण मंदिर में पूजा की करेंगी। ममता बनर्जी का पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी मिलने का कार्यक्रम है।

दरअसल बंगाल की तृणमूल सरकार ने बार-बार केंद्रीय अभाव के खिलाफ मोर्चा खोला है। सौ दिन के काम का पैसा लंबे समय से अटका हुआ है। हालांकि, इसी महीने मुख्यमंत्री ने बंगाल की वंचना के खिलाफ धरने के मंच से घोषणा की थी कि 21 फरवरी को राज्य सरकार बकाया राशि का भुगतान करेगा। राज्य के बजट में इसके लिए 3700 करोड़ आवंटित किये गये हैं। लाभार्थियों तक उनके हक का पैसा पहुंचाने के बाद मुख्यमंत्री पंजाब के लिए रवाना होंगी।

ममता ने आगामी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि केंद्र में इंडी गठबंधन होने पर भी बंगाल में तृणमूल अकेले चुनाव लड़ेगी। इसी तरह, पंजाब में आप की सरकार ने भी घोषणा की है कि वह उस राज्य में कांग्रेस के बिना लोकसभा चुनाव लड़ेगी। ऐसे में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों की प्रस्तावित मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के अलावा ममता दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात कर सकती हैं। मुलाकात में दिल्ली और पंजाब सीमाओं पर किसान आंदोलन को कैसे मजबूत किया जाए, इस पर चर्चा हो सकती है। हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा

   

सम्बंधित खबर