पुलिस लाठी चार्ज में घायल सुकांत मजूमदार को कोलकाता लाया गया, अस्पताल में भर्ती

कोलकाता, 14 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पश्चिम बंगाल इकाई के प्रमुख सुकांत मजूमदार उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार को विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस लाठी चार्ज और हाथापाई में गिरने से घायल हो गए हैं। उन्हें पहले उत्तर 24 परगना के अस्पताल में भर्ती कराया गया था लेकिन अब उन्हें कोलकाता लाकर ईएम बाईपास के पास एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पार्टी के एक पदाधिकारी ने यह जानकारी दी। मजूमदार को जिला प्रशासन ने मंगलवार को अशांत संदेशखाली जाने से रोक दिया था। उन्हें बशीरहाट पुलिस जिला एसपी (पुलिस अधीक्षक) कार्यालय के सामने धरने के बाद देर रात टाकि में एक अतिथि गृह में रखा गया था। प्रदेश भाजपा प्रमुख ने बुधवार सुबह फिर से संदेशखाली जाने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें क्षेत्र से बाहर नहीं जाने दिया। चोटिल होने के बाद उन्हें बशीरहाट उपमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। मजूमदार ने बुधवार को आरोप लगाया कि राज्य पुलिस ने उन्हें हिंसाग्रस्त संदेशखाली जाने से रोकने के लिए उनके लॉज की घेराबंदी कर दी है। संदेशखाली में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के प्रति निष्ठा रखने वाले गुंडों द्वारा ग्रामीणों पर कथित अत्याचार को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। मजूमदार ने कहा कि उन्हें प्रदर्शनकारियों से मिलने के लिए दोपहर के बाद संदेशखाली जाना था।

उल्लेखनीय है कि शाहजहां और उसके सहयोगियों के खिलाफ जमीन पर जबरन कब्जा करने और महिलाओं का यौन उत्पीड़न करने सहित कई आरोप हैं। पिछले महीने प्रवर्तन निदेशालय की टीम राशन घोटाले में शाहजहां के आवास पर छापेमारी करने गई थी जिस पर भीड़ ने हमला कर दिया था। उसके बाद से ही शाहजहां फरार है। हिन्दुस्थान समाचार /ओम प्रकाश /गंगा

   

सम्बंधित खबर