स्वयं का सत्कर्म ही देते हैं साथ : प्रदीप मिश्र

स्वयं द्वारा किये सत्कर्म ही देते हैं साथ–प्रदीप मिश्र

कुशीनगर,14 फरवरी(हि.स.) अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कथा वाचक सीहोर वासी प्रदीप मिश्र ने कहा कि मन से शिवपुराण कथा के श्रवण से महादेव व्यक्ति की झोली खुशियों से भर देते हैं। महादेव ने सरस्वती को स्वर प्रदान किया और देवी ने ब्रह्मांड को संगीत का उपहार दिया। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के स्वयं द्वारा किए गए सत्कर्म ही साथ देते हैं।

बुधवार को वसंतपंचमी के अवसर पर कुशीनगर में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान उन्होंने कहा कि जिस प्रकार बसन्त में सम्पूर्ण जगत उल्लासित हो जाता है,उसी प्रकार बसन्त पंचमी से शुरू शिव पुराण की श्रवण से शरीर खुशियों से भर जाता है।

शिव पुराण की कथा का महत्व बताते हुए उन्होंने कहा कि महादेव के प्रताप से आत्मा का परमात्मा से मिलन अवश्य हो जाता है। विश्वास है तो शिव आपकी अवश्य सुनेंगे। दिल से कथा का श्रवण करने से जीवन उत्तम हो जाएगा। शिव पर विश्वास करने से सभी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी। बेल पत्र हजारों बीमारियों को समाप्त करता है। हमें प्रतिदिन एक लोटा जल और बेल पत्र शिव को चढ़ाना चाहिए। जीवन में समस्या आने पर हम शिव की शरण में शिवालय जाते हैं।

उन्होंने कहा कि जब सभी लोग साथ छोड़ देते हैं तब शिव पर चढ़ाया एक लोटा जल व बेलपत्र ही साथ देता है। आप यदि महादेव पर भरोसा करेंगे तब वह प्राण छोड़ने पर भी साथ देंगे। अटूट विश्वास करने पर वह समस्या को दूर भी करते है। सन्यासी का कार्य है कि व्यक्ति को मन्दिर तक पहुंचाए। मन्दिर के अंदर जाने से दुःख दूर जाते हैं। कुशीनगर बुद्ध की पवित्र भूमि पर कथा करने का सौभाग्य शिव कृपा से ही हो रहा है। घर में कथा होने से पुण्य प्रबल होती है। कहा कि आप लोगों का महादेव से जन्म जन्मों का रिश्ता रहा है तभी यहां विपरीत परिस्थितियों में भी कथा श्रवण को पहुंचे है। कुशीनगर में महापुराण कराने वाले शिव ही है,हम सभी तो निमित्त मात्र है। जीवन में बनावटीपन अच्छा नहीं लगता,आप जैसे है वैसा ही दिखे यही सही है।

उन्होंने कहा कि कथा श्रवण करने जाने के दौरान व्यक्ति को अपनी पद प्रतिष्ठा छोड़ देनी चाहिए। तभी कथा का वास्तविक लाभ मिलता है और व्यक्ति धन्य हो जाता है। आरती के साथ प्रथम दिन की कथा का समापन हुआ। संचालन आशीष ने किया।

इस दौरान मुख्य आयोजक पूनम पाण्डेय,ओमप्रकाश पाण्डेय,डॉ.सीपी गुप्त, विनयकांत मिश्र,ज्ञानेश्वर उर्फ ज्ञानी जायसवाल,वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता कुश कुमार मद्धेशिया,सभासद राजेश मद्धेशिया ने संतश्री का स्वागत अभिनंदन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उपस्थित रही।

हिंदुस्थान समाचार/गोपाल

   

सम्बंधित खबर