सूर्य नमस्कार स्वस्थ जीवन शैली का आधार, सभी इसे अपनाएं : देवनानी
- Admin Admin
- Feb 15, 2024
जयपुर, 15 फ़रवरी (हि.स.)। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि सूर्य नमस्कार स्वस्थ जीवन शैली का आधार है। आज विश्व के कई देश भारतीय योग को अपना कर स्वास्थ्य को चुन रहे हैं। हमें अपने प्रतिदिन के रूटीन में इसे शामिल करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर के तोपदड़ा स्कूल में क्रीड़ा भारती एवं शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में सूर्य नमस्कार किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि सूर्य नमस्कार एवं योग पुरातन भारतीय संस्कृति में स्वस्थ जीवन शैली का आधार है। यह हजारों सालों से आमजन को स्वस्थ कर रहा है, इसे किसी धर्म या विवाद से जोड़ा जाना ठीक नहीं है।
देवनानी ने कहा कि निरोगी काया को पहला सुख कहा गया है। मनुष्य को स्वस्थ रहने के लिए जीवन में योग को अपनाना चाहिए। सूर्य नमस्कार सर्वश्रेष्ठ योग है, जिससे शरीर और मानसिक स्वास्थ्य में वृद्धि होती है। हमें प्रतिदिन योग एवं सूर्य नमस्कार करना चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत पूरे विश्व में नई पहचान गढ़ रहा है। भारतीय योग को विश्व के कई देशों ने अपनाया है। पूरी दुनिया स्वस्थ जीवन शैली में योग के महत्व को मान रही है। हमारे योग ने सभी को एक नई स्वास्थ्य प्रणाली से परिचित करवाया है। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर लोकेश कुमार गौतम सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/रोहित/ईश्वर