सांस्कृतिक महोत्सव मंच पर दिखेगी जौनसार संस्कृति की झलक

- 24 और 25 फरवरी को जौनसार बावर सांस्कृतिक महोत्सव का होगा आगाज

- मुख्यमंत्री धामी के साथ अन्य जनप्रतिनिधि बढ़ाएंगे महोत्सव की शोभा

देहरादून, 18 फरवरी (हि.स.)। जौनसार बावर सेवावृत कर्मचारी मंडल देहरादून की ओर से आगामी 24 व 25 फरवरी को अंबेडकर ग्राउंड में जौनसार बावर सांस्कृतिक महोत्सव का आगाज होगा। महोत्सव मंच पर जौनसार संस्कृति की झलक दिखेगी ही, आकर्षक प्रस्तुतियों की छटा से पूरा माहौल सतरंगी हो उठेगा। मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ अन्य जनप्रतिनिधि महोत्सव की शोभा बढ़ाएंगे।

कर्मचारी मंडल के अध्यक्ष रणवीर सिंह तोमर ने रविवार को हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि जौनसार बावर सांस्कृतिक महोत्सव में लगभग 10 हजार लोग प्रतिभाग करेंगे। 100 से अधिक कलाकार खूबसूरत अंदाज में नृत्य पेश करेंगे। उन्होंने कहा कि संस्कृति किसी भी राष्ट्र का प्राण तत्व है। भारतीय संस्कति को संरक्षित करने में ग्रामीण क्षेत्रों का विशेष योगदान है। जिस दिन पूरी तरह से गांव का पलायन शहरों की ओर हो जाएगा, धीरे-धीरे हमारी संस्कृति भी विलुप्त हो जाएगी। ऐसे में महोत्सव में संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ जनजातियों की समस्याओं पर चर्चा की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखेंगे जनजातियों की समस्या, संस्कृति को बढ़ावा देने पर होगा जोर-

महोत्सव में जनजातियों के साथ जनप्रतिनिधियों का समागम होगा। इस अवसर पर जनजातियों के हित में उनकी समस्याओं का मुद्दा उठाया जाएगा। साथ ही विलुप्त हो रही परंपरागत संस्कृति एवं जनजाति विकास निगम की ओर से नए व स्थायी रोजगार के अवसर पर परिचर्चा होगी। सरकारी नौकरियों के लिए रोस्टर में वास्तविक आंकलन के अनुसार स्थान आरक्षित करवाने पर चर्चा होगी। जौनसारी भवन व छात्रावास का निर्माण करवाने पर जोर दिया जाएगा। प्रत्येक वर्ष समिति को वार्षिक अधिवेशन व सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए 10 लाख रुपये की सहायता की मांग की जाएगी। जनजाति सलाहकार परिषद में सरकार द्वारा पूर्णरूप से सभी पद भरने के साथ आश्रम पद्धति विद्यालयों का उच्चीकरण कराने और पलायन रोकने के लिए न्याय पंचायत स्तर पर कक्षा 1 से 12 तक आवासीय विद्यालय खोलने की मांग की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/कमलेश्वर शरण/रामानुज

   

सम्बंधित खबर