मल्हारगढ़ क्षेत्र में 700 करोड़ रुपए की सड़कें निर्मित की गई : देवड़ा

मंदसौर, 20 फरवरी (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लसूडिया राठौर में 6 करोड़ 75 लाख 23 हजार की लागत से निर्मित होने वाले हाई स्कूल भवन का भूमि पूजन किया। इस भवन का निर्माण पीआईयू विभाग द्वारा किया जाएगा। 18 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाली पेयजल टंकी एवं पाइप लाइन निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया। इस दौरान कलेक्टर दिलीप कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी, कर्मचारी, ग्रामीण जन एवं पत्रकार उपस्थित थे। भूमि पूजन के दौरान उन्होंने कहा कि मल्हारगढ़ विधानसभा में अभी तक 700 करोड़ रुपए की सड़के बनाई गई है। शिक्षा के क्षेत्र में, सिंचाई के हर क्षेत्र में चहुंमुखी विकास हुआ है।

उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि स्कूल का भवन बहुत अच्छा बनायें। भवन निर्माण में किसी तरह की कोई कमी नहीं होनी चाहिए। स्कूल निर्माण से आसपास के असंख्य विद्यार्थियों को लाभ प्राप्त होगा। इस दौरान उन्होंने बच्चों से कहा कि अच्छी पढ़ाई करें। अपने गांव तहसील, जिला एवं प्रदेश का नाम रोशन करें, माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करें एवं अनुशासन में रहें। आगामी सत्र से स्कूल में 11वीं की कक्षाएं भी संचालित होना शुरू होंगी। स्वच्छ भारत अभियान अंतर्गत सभी बच्चे अपने आसपास गंदगी ना होने दें एवं बड़ों को भी गंदगी करने से रोकें। लसूडिया राठौर में पेयजल टंकी के निर्माण से हर घर तक शुद्ध पीने का नल से जल मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/अशोक झलौया

   

सम्बंधित खबर